*प्रशासनिक ढिलाई या लाचारी? शाहपुर मेले में प्रतिबंध के बाद भी क्रूरता 9 नामजद और 10 अज्ञात पर BNS की गंभीर धाराओं में केस दर्ज*

बुरहानपुर :- बुरहानपुर जिले के शाहपुर में प्रशासनिक आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए मेला समिति द्वारा पशुओं के प्रति अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट विवेक कुमार द्वारा धारा 163 बीएनएसएस (BNSS) के तहत जारी प्रतिबंधात्मक आदेश (क्रमांक 2025/5750) का सरेआम उल्लंघन किया गया, जिसके बाद पुलिस ने शाहपुर मेला आयोजक समिति के सदस्यों पर विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 9 नवंबर 2026 सोमवार को शाहपुर मेले के दौरान प्रशासनिक प्रतिबंध के बावजूद आयोजन संपन्न कराया गया। एफआईआर के अनुसार, घटना स्थल पर पशुओं के प्रति गंभीर अमानवीय व्यवहार और क्रूरता पाई गई। पुलिस ने मामले में शाहपुर निवासी वासुदेव महाजन, प्रमोद अमोदे, सचिन मोंपारी, किरण ससाने, हुसैन शाह, शेख समीर, इरफान खां, शोएब खां, विजय दूदे और मुकेश महाजन को नामजद आरोपी बनाया है। इनके अलावा 8 से 10 अज्ञात हेला मालिकों के विरुद्ध भी केस दर्ज किया गया है।
आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 (सरकारी आदेश की अवहेलना), धारा 125, धारा 3(5) तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज हुआ है।
*प्रशासन की भूमिका पर उठे सवाल*
हालांकि एफआईआर दर्ज कर ली गई है, लेकिन इस पूरी घटना ने पुलिस और स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आयोजन स्थल पर पुलिस प्रशासन की मौजूदगी के बावजूद तमाशा चलता रहा। सवाल यह उठता है कि जब कलेक्टर का स्पष्ट प्रतिबंधात्मक आदेश लागू था, तो पुलिस ने समय रहते सख्ती दिखाकर आयोजन को क्यों नहीं रोका?
घटना के बाद दर्ज की गई एफआईआर से यह साफ है कि पुलिस प्रशासन पहले मूकदर्शक बना रहा और मामला तूल पकड़ने के बाद कागजी कार्रवाई में जुट गया। स्थानीय जनता अब पूछ रही है कि आखिर प्रशासनिक नाकामी की जवाबदेही किसकी है?




