*बुरहानपुर में सिंधी बस्ती चौराहे पर धीमी गति से चल रहे सड़क निर्माण पर भड़के सांसद-महापौर, अधिकारियों को दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश*

बुरहानपुर :- बुरहानपुर शहर के सबसे व्यस्ततम सिंधी बस्ती चौराहे पर सीसी रोड निर्माण की सुस्त रफ्तार ने आम नागरिकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेते हुए सांसद ज्ञानेश्वर पाटील और महापौर माधुरी अतुल पटेल ने रविवार रात औचक निरीक्षण किया। निर्माण कार्य में हो रही देरी पर दोनों जनप्रतिनिधियों ने कड़ी नाराजगी जताई है।
लालबाग रेलवे स्टेशन से शनवारा चौराहे तक करीब 16.82 करोड़ रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण किया जा रहा है। दीपावली जैसे बड़े पर्व के दौरान शुरू हुए इस कार्य की गति इतनी धीमी है कि चौराहा अब तक अधूरा पड़ा है। इसके चलते रोजाना भीषण ट्रैफिक जाम लग रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।
परिस्थितियों का जायजा लेते हुए सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने मौके से ही लोक निर्माण विभाग की कार्यपालन यंत्री पदमा रेखा श्रीवास्तव को फोन लगाया और जमकर फटकार लगाई। सांसद ने दो टूक शब्दों में कहा कि अत्यधिक व्यस्त मार्ग पर इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को एजेंसी के कामकाज पर नियमित मॉनिटरिंग रखने के निर्देश दिए।
वहीं, महापौर माधुरी अतुल पटेल ने भी चिंता जताते हुए कहा कि अधूरे निर्माण कार्य से व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित विभागों से बेहतर समन्वय बनाकर कार्य में तेजी लाने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों का उद्देश्य जनता को सुविधा देना है, न कि उन्हें लंबे समय तक संकट में डालना। इस मौके पर पूर्व महापौर अतुल पटेल, अनिल राठौर, गजेंद्र पाटील और आदित्य प्रजापति समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अब देखना यह होगा कि जनप्रतिनिधियों की इस सख्त चेतावनी के बाद निर्माण कार्य में कितनी तेजी आती है।




