बुरहानपुर

*बुरहानपुर में आस्था और अकीदत का सैलाब धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब के दीदार को उमड़े हजारों समाजजन*

बुरहानपुर :- दाऊदी बोहरा समाज के 53वें धर्मगुरु परम पावन डॉ. सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब (त.उ.श.) के बुरहानपुर आगमन पर शहर में आस्था, उल्लास और मोहब्बत का अद्भुत नजारा देखने को मिला। रविवार, 15 नवंबर को अपने मौला की एक झलक पाने और उनके दीदार के लिए हजारों समाजजन ऐतिहासिक दरगाह-ए-हकीमी परिसर में एकत्रित हुए। सैयदना साहब महाराष्ट्र के धारणी से सड़क मार्ग होते हुए बुरहानपुर पहुंचे, जहां समाजजनों ने पूरे जोश, उमंग और शिद्दत के साथ उनका भव्य इस्तकबाल किया। आगमन के पश्चात उन्होंने शहर में ही रात्रि विश्राम किया।


दरगाह-ए-हकीमी में उपस्थित विशाल जनसमुदाय को संबोधित करते हुए सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन साहब ने बुरहानपुर के समस्त नागरिकों की शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति के लिए विशेष दुआ की। अपने प्रवचन में उन्होंने समाजजनों को मानवता का संदेश देते हुए समाज के गरीब और जरूरतमंद वर्ग की बढ़-चढ़कर सहायता करने की नसीहत दी।

गौरतलब है कि बुरहानपुर का यह दौरा सैयदना साहब की मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों, कस्बों और गांवों की जारी सद्भावना यात्रा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इंदौर से प्रारंभ हुई इस सड़क यात्रा के दौरान वे केसूर, देपालपुर, उज्जैन, आगर, नलखेड़ा, सुसनेर, बड़ौद, गौतमपुरा, बड़वाह, सनावद, मूंदी और धारणी में समाज के परिवारों से रूबरू हो चुके हैं। हर पड़ाव पर उन्होंने समाजजनों से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन किया है। इस वर्ष सैयदना साहब की यह दूसरी बुरहानपुर यात्रा है; इससे पूर्व वे अप्रैल माह में सैयदी अब्दुल कादिर हकीमुद्दीन साहब के उर्स के मुबारक अवसर पर यहां पधारे थे।

आयोजन की सफलता पर बुरहानपुर में दाऊदी बोहरा समाज के समन्वयक तफज्जुल मुलायमवाला ने कहा कि समाजजन सैयदना साहब की यात्रा की सुगम व्यवस्थाओं और सुरक्षा में दिए गए सराहनीय सहयोग के लिए बुरहानपुर जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और नगर निगम के हृदय से आभारी हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button