*बुरहानपुर में जल संरक्षण और प्रबंधन को लेकर उच्चस्तरीय बैठक जल अनुशासन और जनआंदोलन पर जोर*

बुरहानपुर :- बुरहानपुर में जल संकट की संभावित चुनौती से निपटने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सर्किट हाउस में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कलेक्टर विवेक कुमार, महापौर माधुरी अतुल पटेल, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जल संवर्धन और प्रबंधन को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए पानी का कृत्रिम निर्माण असंभव है, इसलिए उपलब्ध जल का सदुपयोग करने और बर्बादी रोकने के लिए समाज में ‘जल अनुशासन’ और ‘जल संरक्षण का संस्कार’ जन-जन तक पहुँचाने पर विशेष बल दिया गया। इसे केवल विभागीय गतिविधि न बनाकर जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन बनाया जाएगा।
नगर निगम बुरहानपुर और नगर परिषद शाहपुर में हर वार्ड की कार्ययोजना बनाने, मोहल्ला समितियों का गठन करने और वार्ड स्तर पर जल चौपाल आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नए व व्यावसायिक भवनों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग अनिवार्य करने, सार्वजनिक नलों में टोंटियाँ लगाने और परंपरागत कुओं व बावड़ियों की सफाई पर जोर दिया गया।
पिछले अनुभवों से सीख लेते हुए आगामी वर्षा ऋतु से पहले सभी बैराजों के गेट, सेलगांव व बोदरली के मरम्मत कार्यों को पूरा करने तथा भावसा बांध के गेटों की तकनीकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, तालाबों के गहरीकरण का कार्य भी समय पर पूरा करने को कहा गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी जल प्रबंधन के लिए हर गांव का जल मानचित्र तैयार किया जाएगा जिसमें प्राकृतिक जल स्रोतों और मार्गों को चिह्नित किया जाएगा। नदियों व नालों के अतिक्रमण का सर्वेक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए
भूजल स्तर पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए किसानों को कम पानी वाली फसलों और फसल विविधीकरण के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अलावा, जिले में मिट्टी और जल से संबंधित वैज्ञानिक जानकारी व तकनीकी मार्गदर्शन हेतु एक ‘जिला स्तरीय ज्ञान केंद्र’ की स्थापना की जाएगी।
कलेक्टर विवेक कुमार ने सभी संबंधित विभागों को एक सप्ताह के भीतर इन निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध और परिणाममूलक कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।



