बुरहानपुर

*बुरहानपुर कलेक्टर विवेक कुमार ने ली महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा आंगनवाड़ी संचालन में खानापूर्ति करने वालों पर होगी कार्रवाई*

बुरहानपुर :- जिले में आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए जिला प्रशासन अब पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर विवेक कुमार की अध्यक्षता में महिला एवं बाल विकास विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन में किसी भी प्रकार की खानापूर्ति या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर कुमार ने जिला कार्यक्रम अधिकारी शुभांगी मुजुमदार से जिले में ‘सेम’ एवं ‘मेम श्रेणी के बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति और उनकी देखभाल के प्रबंधों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सभी पर्यवेक्षकों सुपरवाइजर्स को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से आंगनवाड़ी केंद्रों का मैदानी भ्रमण करें और वहां मिलने वाली व्यवस्थाओं पर कड़ी निगरानी रखें। साथ ही, सभी अधिकारियों को अपने निर्धारित लक्ष्य समयसीमा में हासिल करने के कड़े निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र पर बच्चों के लिए शुद्ध पेयजल, खेलकूद हेतु खिलौने और अन्य सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि उनके द्वारा किए जाने वाले औचक निरीक्षण के दौरान यदि केंद्रों में किसी भी प्रकार की खामी पाई गई, तो संबंधित अमले के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

समीक्षा बैठक में जर्जर हो चुके आंगनवाड़ी भवनों और वर्तमान में निजी भवनों में संचालित केंद्रों की सूची व उनकी स्थिति की भी समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त, ‘वात्सल्य योजना’ के प्रावधानों, इसके क्रियान्वयन तथा ‘वन स्टॉप सेंटर’ की कार्यप्रणाली और वहां दी जा रही सुविधाओं की प्रगति का भी जायजा लिया गया। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित महिला एवं बाल विकास विभाग का पूरा मैदानी अमला मौजूद रहा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button