बुरहानपुर

*बुरहानपुर के स्कूल-कॉलेजों में शिक्षक गुटखा खाते मिले तो लगेगा जुर्माना, विशेष क्यूआर कोड से होगी सूचना*

बुरहानपुर:- जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और नशे के सेवन पर प्रभावी रोक लगाने तथा युवाओं को इस दलदल से दूर रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। हाल ही में आयोजित एक उच्चस्तरीय समन्वय बैठक में कलेक्टर विवेक कुमार ने विभिन्न विभागों को आपसी तालमेल के साथ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने सामाजिक न्याय विभाग, ड्रग इंस्पेक्टर और कृषि विभाग के अधिकारियों को अपने-सीमित कार्यक्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और किसी भी तरह की अनियमितता मिलने पर तुरंत वैधानिक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि यदि खेतों में मुख्य फसलों के बीच अवैध मादक पदार्थों के पौधे उगाए जाते हैं, तो संबंधित खेत मालिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। वहीं, ड्रग इंस्पेक्टर को मेडिकल और फार्मास्यूटिकल सेक्टर में अनियमितताओं पर तत्काल शिकंजा कसने के निर्देश दिए गए हैं।

अभियान को व्यापक रूप देने के लिए शैक्षणिक संस्थानों को भी शामिल किया गया है। शिक्षा, जनजातीय कार्य और उच्च शिक्षा विभागों को स्कूलों, कॉलेजों तथा छात्रावासों में नियमित रूप से जागरूकता गतिविधियां और विशेष समितियों का गठन करने को कहा गया है। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि कोई भी शासकीय या अशासकीय शिक्षक स्कूल परिसर में गुटखा या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते पाया जाता है, तो उस पर न केवल आर्थिक जुर्माना लगाया जाएगा, बल्कि विभागीय नोटिस भी जारी किया जाएगा।

एसपी आशुतोष बागरी ने बैठक में जानकारी दी कि अवैध गतिविधियों की गोपनीय सूचना देने के लिए एक विशेष क्यूआर कोड तैयार किया गया है। सभी शिक्षण संस्थानों और छात्रावासों में इस क्यूआर कोड को चस्पा कराया जाएगा, जिससे सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जा सकेगी। इसके साथ ही, पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर भी साझा किए गए हैं ताकि आमजन कहीं भी मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त या सेवन की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचा सकें।

बैठक में डीएफओ विद्याभूषण सिंह, सीईओ जिला पंचायत सृजन वर्मा, ए एसपी प्रदीप शेण्डे सहित कई प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन की इस सख्त पहल से नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button