*बुरहानपुर पुलिस ने मालसिंह हत्याकांड खुलासा डंडे पत्थरों से हमला कर गला दबाया, शव को ड्रिप की नली से बांधकर तालाब में फेंका*

*4 आरोपी गिरफ्तार, 2 नाबालिग बाल संप्रेषण गृह भेजे गए*
बुरहानपुर :- बुरहानपुर जिले की खकनार थाना पुलिस ने अंधी हत्या के एक सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल 2 विधि विरुद्ध बालकों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। आरोपियों ने युवक की बेरहमी से हत्या करने के बाद उसके शव को छुपाने के नीयत से तालाब में फेंक दिया था। पुलिस फिलहाल शव की बरामदगी के लिए विशाल सर्च ऑपरेशन चला रही है।
*क्या है पूरा मामला?*
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 6 सितंबर 2026 की दोपहर लगभग 4 बजे मालसिंह निवासी आमगांव अपनी होंडा शाइन मोटरसाइकिल (MP68MH5327) लेकर घर से निकला था। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद फरियादी की शिकायत पर 8 सितंबर को खकनार थाने में अपराध क्रमांक 425/2026, धारा 140(3) बीएनएस के तहत गुमशुदगी व अपहरण का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
*साजिश रचकर बुलाया फिर उतारा मौत के घाट*
पुलिस महानिरीक्षक अनुराग, उप पुलिस महानिरीक्षक सिमाला प्रसाद के निर्देशन और एसपी आशुतोष बागरी के मार्गदर्शन में खकनार थाना प्रभारी अभिषेक जाधव की टीम ने जांच तेज की। संदेहियों को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो खौफनाक सच सामने आया।
आरोपी जगन, प्रताप, लालसिंह और 2 नाबालिगों ने मिलकर मालसिंह को मारने की साजिश रची थी। उन्होंने 6 सितंबर की शाम 6 बजे मालसिंह को अपने खेत के पास स्थित छोटे तालाब पर बुलाया। जैसे ही मालसिंह अपनी बाइक से वहां पहुंचा, आरोपियों ने एकराय होकर उस पर डंडों और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
*साक्ष्य मिटाने के लिए ड्रिप से बांधकर तालाब में फेंका शव*
हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने की नीयत से आरोपियों ने क्रूरता की हदें पार कर दीं। उन्होंने मृतक के शव और उसकी मोटरसाइकिल को खेत में इस्तेमाल होने वाली ड्रिप की नली से कसकर बांधा और नांदुरा के बड़े तालाब में फेंक दिया, ताकि शव पानी के ऊपर न आ सके। इस पूरी वारदात में आरोपियों की मदद करने वाले रडतिया नामक व्यक्ति को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
*ड्रोन और फॉरेंसिक टीम से सर्च ऑपरेशन जारी*
मामले में शामिल गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगन पिता रिछु भास्कले 30 वर्ष प्रताप पिता कालू अखाड़े 21 वर्ष लालसिंह पिता सरदार गोथरे 22 वर्ष दोनों निवासी मगरडोह, और रडतिया पिता गोरेलाल अखाड़े 22 वर्ष निवासी आमगांव के रूप में हुई है।
मृतक के शव को ढूंढने के लिए बुरहानपुर पुलिस आमगांव के जंगलों, नांदुरा तालाब और आसपास की गहरी खाइयों में बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही है। इस सर्च ऑपरेशन में SDERF की टीम, फॉरेंसिक विशेषज्ञ, डॉग स्क्वॉड और ड्रोन कैमरों की मदद ली जा रही है। ए एसपी प्रदीप शेण्डे, एसडीओपी नेपानगर वैभव प्रिया (भा.पु.से.) एवं डीएसपी सुरेश महाले के नेतृत्व में पुलिस टीम गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।




