*बुरहानपुर में दीपावली सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त बाजारों, सराफा और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता के निर्देश*

बुरहानपुर :- आगामी दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को एसपी आशुतोष बागरी ने पुलिस सभागृह में राजपत्रित अधिकारियों और समस्त थाना प्रभारियों की बैठक ली। बैठक में बाजारों, सराफा प्रतिष्ठानों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के कड़े निर्देश दिए गए।
एसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन के दौरान नागरिकों की भारी आवाजाही को देखते हुए बाजारों में नियमित पैदल गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। साथ ही, असामाजिक तत्वों, जेबकतरों और चैन स्नेचिंग जैसी वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए सादे कपड़ों में पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
सराफा बाजार और आभूषण दुकानों की सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए दुकानदारों को सीसीटीवी कैमरे चालू रखने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने और नकदी के सुरक्षित परिवहन के लिए जागरूक करने को कहा गया है। इसके अलावा, यातायात प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहेगा, जिससे आपातकालीन वाहनों (एम्बुलेंस और दमकल) के लिए मार्ग हमेशा सुगम रहे।
सूने मकानों में चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए रात्रि गश्त तेज करने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक संदेशों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। बैठक में ए एसपी प्रदीप शेण्डे, सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह सहित जिले के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे। बुरहानपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पर्व के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देकर सहयोग करें।



