*बुरहानपुर में शिवाजी नगर अंडरपास और 3-4 रेल लाइन के लिए संयुक्त निरीक्षण 20 हजार लोगों को मिलेगी राहत*

बुरहानपुर :- लालबाग क्षेत्र के शिवाजी नगर और चिंचाला के 20 हजार से अधिक रहवासियों की लगभग एक दशक पुरानी मांग जल्द पूरी होने जा रही है। मंगलवार को बुरहानपुर में प्रस्तावित शिवाजी नगर अंडरपास, तीसरी व चौथी रेलवे लाइन और रेलवे स्टेशन विस्तार को लेकर रेलवे तथा जिला प्रशासन की टीम ने संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, महापौर माधुरी अतुल पटेल और कलेक्टर विवेक कुमार के साथ मध्य रेलवे (निर्माण) के उप मुख्य अभियंता जे.डी. सिंग, सहायक मंडल अभियंता एच.ओ. मीना और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे अधिकारियों ने स्थल की तकनीकी नाप-जोख की और प्लेटफॉर्म विस्तार तथा प्रभावित होने वाले मकानों का बारीकी से जायजा लिया।
*अंडरपास से दूर होगी आवागमन की समस्या*
रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण स्थानीय नागरिकों को चिंचाला नाले के नीचे से होकर गुजरना पड़ता है, जो बारिश के दिनों में जलभराव के कारण पूरी तरह बंद हो जाता है। इससे एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही ठप हो जाती है। अंडरपास के बनने से नागरिकों को 12 महीने सुगम और सुरक्षित रास्ता मिल सकेगा।
*विस्थापन पर उचित मुआवजे के निर्देश*
निरीक्षण के दौरान सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने रेलवे इंजीनियरों को सख्त निर्देश देते हुए कहा विकास कार्यों में आमजन की सुविधा सर्वोपरि है। तीसरी-चौथी रेल लाइन और स्टेशन विस्तार के दौरान यह ध्यान रखें कि नागरिकों को कम से कम नुकसान हो। यदि किसी का मकान या संपत्ति प्रभावित होती है, तो उसे नियमानुसार उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए।
उल्लेखनीय है कि सांसद पाटील द्वारा भुसावल और नागपुर रेलवे बोर्ड की बैठकों में यह मुद्दा उठाने के बाद रेलवे प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। इससे पहले 27 अक्टूबर को डीआरएम और 28 व 30 अक्टूबर को रेलवे इंजीनियरिंग टीम ने तकनीकी परीक्षण किया था।




