*बड़े बालाजी मंदिर में बालाजी महाराज को लगाया 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग, धूमधाम से मनाया अन्नकूट महोत्सव*

बुरहानपुर :- बड़े बालाजी मंदिर में प्रतिवर्ष की परंपरा अनुसार इस वर्ष भी अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर भगवान बालाजी महाराज को 56 प्रकार के विभिन्न व्यंजनों एवं पकवानों का भोग अर्पित किया गया।
महोत्सव के अंतर्गत सुबह मंदिर में भगवान बालाजी महाराज का अभिषेक संपन्न हुआ। इसके पश्चात मंदिर परिसर में विधि-विधान के साथ गोवर्धन पूजन किया गया। दोपहर से भगवान बालाजी महाराज को 56 प्रकार के व्यंजनों से सुसज्जित छप्पन भोग अर्पित किया गया।
शाम 6 बजे से श्रद्धालुओं के लिए छप्पन भोग के दर्शन प्रारंभ हुए। भगवान के अलौकिक एवं आकर्षक छप्पन भोग के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचे। देर रात तक भक्तों का दर्शन के लिए तांता लगा रहा। रात्रि 10 बजे विधि-विधान एवं भक्तिमय वातावरण में भगवान बालाजी महाराज की महाआरती संपन्न हुई। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने बालाजी महाराज के छप्पन भोग के दर्शन एवं महाआरती का लाभ लिया।
मुख्य पुजारी मोहन बालाजी वाले एवं बड़े बालाजी मंदिर संस्थान के आशीष भगत ने बताया कि बड़े बालाजी मंदिर में छप्पन भोग एवं अन्नकूट महोत्सव का आयोजन कई वर्षों से परंपरानुसार किया जा रहा है। प्रतिवर्ष दीपावली के बाद पड़वा के दिन भगवान बालाजी महाराज को 56 प्रकार की प्रसादी का भोग अर्पित किया जाता है तथा मंदिर में गोवर्धन पूजन भी किया जाता है।



