*बुरहानपुर में गुजराती समाज का तीन दिवसीय गरबा रास शुरू सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने समाजजनों के साथ किया गरबा, देश-विदेश से पहुंचे स्वजन*

बुरहानपुर :- दीपावली के पावन पर्व के बाद बुरहानपुर में संस्कृति और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला है। सकल पंच गुजराती मोड़ वणिक समाज की ओर से शनवारा स्थित समाज की वाड़ी में 9 नवंबर से तीन दिवसीय गरबा रास महोत्सव की शुरुआत हो चुकी है। इस भव्य आयोजन में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में समाजजन बुरहानपुर पहुंचे हैं।
उत्सव के पहले दिन सोमवार की रात को गुजराती समाज के पुरुष, महिलाओं और युवाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचकर बढ़-चढ़कर गरबा रास में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंडवा संसदीय क्षेत्र के सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने शिरकत की। सांसद ने न केवल दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया, बल्कि समाजजनों के साथ जमकर गरबा भी खेला, जिससे उपस्थित लोगों का उत्साह कई गुना बढ़ गया।
इस अवसर पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह गरबा हमारी समृद्ध संस्कृति और सनातन धर्म का अभिन्न हिस्सा है। गरबा रास के माध्यम से हम माँ अम्बे को प्रसन्न करते हैं। ऐसे आयोजनों से न केवल हमारी संस्कृति आगे बढ़ती है, बल्कि यह आपसी एकता और भाईचारे का एक बेहतरीन संदेश भी देते हैं।
समाज के अध्यक्ष रमेश मोतीलाल दलाल ने जानकारी देते हुए बताया कि हर साल दीपावली के बाद गुजराती समाज द्वारा इस तीन दिवसीय गरबा उत्सव का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष गुजरात, मुंबई (महाराष्ट्र), अहमदाबाद, इंदौर, उज्जैन, जलगांव सहित देश-विदेश से समाजबंधु बुरहानपुर पहुंचे हैं। आयोजन के दौरान प्रतिदिन विभिन्न जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में उपाध्यक्ष सतीशचंद्र गणपतदास शाह, सचिव उपेंद्रनाथ ठाकुरदास गुजराथी, सह सचिव सुनीता बेन अशोक शाह, जितेंद्र रतिलाल दलाल, ललित पूनमचंद शाह, कोषाध्यक्ष कन्हैयालाल सदानंद शाह और मीडिया प्रभारी धन्नालाल अमृतलाल दलाल सहित पूरी कार्यकारिणी का विशेष योगदान रहा। तीन दिनों तक चलने वाले इस गरबा उत्सव को लेकर समाजजनों में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है।



