गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में गणेश उत्सव समिति की बैठक संपन्न एसपी ने दिए शांति सुरक्षा और सौहार्द के कड़े निर्देश

बुरहानपुर :- आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से एसपी आशुतोष बागरी की अध्यक्षता में गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में आयोजकों और गणेश उत्सव समितियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट तपेश पाण्डे, एसडीएम पल्लवी पौराणिक, सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
एसपी ने स्पष्ट किया कि धार्मिक उत्सव के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के साथ-साथ आयोजकों की भी बराबर की जिम्मेदारी है। उन्होंने समितियों से शासन द्वारा निर्धारित नियमों और अनुमति की शर्तों का शत-प्रतिशत पालन करने का आह्वान किया।
डिजिटल निगरानी और QR Code स्कैन प्रणाली का लाइव डेमो
बैठक का मुख्य आकर्षण पुलिस की नई डिजिटल पहल रही। पुलिस अधीक्षक श्री बागरी ने समिति सदस्यों को पंडालों के बाहर लगाए जाने वाले QR Code स्कैन प्रणाली का लाइव डेमो दिया। किसी भी प्रकार की समस्या, आपात स्थिति या सुझाव के लिए आयोजक व श्रद्धालु सीधे QR कोड स्कैन कर पुलिस को तुरंत सूचना दे सकेंगे। इसके अलावा, पुलिस की स्पेशल टेक्निकल टीम सोशल मीडिया पर 24 घंटे कड़ी निगरानी रखेगी। भड़काऊ पोस्ट, अफवाहें या आपत्तिजनक सामग्री शेयर, लाइक या फॉरवर्ड करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।
आयोजकों एवं समितियों के लिए जारी प्रमुख दिशा-निर्देश
सभी पंडालों में अनिवार्य रूप से उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। प्रवेश व निकास द्वार अलग और चौड़े रखे जाएं पंडालों में अग्निशमन यंत्र और आपातकालीन निकास मार्ग की व्यवस्था हो। विद्युत तारों में ओवरलोडिंग या खुले जोड़ न छोड़े जाएं भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर्स तैनात किए जाएं, जिन्हें स्पष्ट पहचान पत्र या बैज दिए जाएं।
ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग तय समय-सीमा और निर्धारित डेसिबल स्तर के भीतर ही किया जाए। किसी भी प्रकार के भड़काऊ या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाले गीतों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा पंडालों के पास सुगम पार्किंग व्यवस्था हो ताकि आम यातायात बाधित न हो। जुलूस और विसर्जन के दौरान तय मार्गों का ही पालन किया जाए तथा जल स्रोतों पर गहरे पानी में जाने से बचा जाए। नशे में वाहन चलाने या हुड़दंग करने वालों पर सीधी कार्रवाई होगी।
एसपी ने नागरिकों और समितियों से अपील की है कि गणेश उत्सव को पूर्ण आस्था, अनुशासन और भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी मिलने पर खुद कार्रवाई न करते हुए तत्काल स्थानीय पुलिस या QR Code के माध्यम से सूचना दें।



