*बहादरपुर के छात्रावास में बुरहानपुर पुलिस ने बच्चों को सिखाए सुरक्षा और साइबर बचाव के गुर*

बुरहानपुर:- महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा तथा लैंगिक हिंसा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बुरहानपुर पुलिस द्वारा 16 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को ग्राम बहादरपुर स्थित अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग छात्रावास में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
एसपी आशुतोष बागरी के निर्देशन में ए एसपी प्रदीप शेण्डे,सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह व उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) अनुसुईया भंवर के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों, स्कूल-कॉलेजों और छात्रावासों में ऐसे कार्यक्रम हो रहे हैं। बहादुरपुर छात्रावास में उप पुलिस अधीक्षक अनुसुईया भंवर और महिला थाना प्रभारी सुखदेव मुजाल्दे ने उपस्थित बालक-बालिकाओं से संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को ‘गुड टच-बैड टच’ का अंतर समझाया गया और असहज स्थिति में तुरंत माता-पिता, शिक्षक या विश्वसनीय व्यक्ति को बताने के लिए प्रेरित किया गया। पॉक्सो अधिनियम सहित लैंगिक अपराधों से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साइबर सुरक्षा पर जोर देते हुए अनजान लिंक न खोलने, OTP व बैंक विवरण साझा न करने और ऑनलाइन ठगी होने पर साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया बताई गई। आपात स्थिति में डायल 112 के उपयोग और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने जैसे यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने बाल विवाह के दुष्परिणाम व कानून की जानकारी देते हुए बाल विवाह मुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई। अंत में पुलिस ने अभिभावकों, शिक्षकों और नागरिकों से सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी मानने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या उत्पीड़न की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।




