*वैश्विक मंच पर बुरहानपुर की धमक मुंबई में विश्व महापौर मंच पर शहर का प्रतिनिधित्व करेंगी महापौर माधुरी पटेल*
बुरहानपुर :- नगरीय विकास और स्थानीय स्वशासन के क्षेत्र में बुरहानपुर अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने जा रहा है। मुंबई में 25 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘तृतीय विश्व महापौर मंच’ और ‘सातवें एशियाई शहर शिखर सम्मेलन’ में बुरहानपुर की महापौर माधुरी अतुल पटेल एवं पूर्व महापौर अतुल पटेल विशेष रूप से सहभागिता करेंगे।
ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट (AIILSG) द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय वैश्विक सम्मेलन में 35 से अधिक देशों के 500 से ज्यादा महापौर, नीति निर्माता और शहरी विकास विशेषज्ञ जुटेंगे। 25 और 26 नवंबर को होने वाले सत्रों में शहरों के भावी विकास, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग, शहरी परिवहन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सर्कुलर इकोनॉमी, ऊर्जा संरक्षण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों जैसे अहम विषयों पर गहन मंथन होगा।
सम्मेलन के अंतिम दिन, 27 नवंबर को ‘चौथा महिला नेतृत्व शिखर सम्मेलन’ आयोजित होगा, जिसका विषय ‘परिवर्तन की वाहक महिलाएं: प्रतिनिधित्व से सार्थक स्थानीय नेतृत्व तक’ रखा गया है। इस विशेष सत्र में महापौर माधुरी अतुल पटेल देशभर से आए प्रतिनिधियों के समक्ष अपने विचार रखेंगी। वे स्थानीय शासन में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी, नीति निर्धारण में महिला महापौरों की भूमिका और शहरी विकास में उनके योगदान पर प्रकाश डालेंगी।
इस अंतरराष्ट्रीय सहभागिता से न केवल बुरहानपुर के विकास कार्यों के अनुभव साझा होंगे, बल्कि वैश्विक स्तर के सफल शहरी मॉडल और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर शहर के स्थानीय स्वशासन को अधिक जनहितकारी व प्रभावी बनाने का मार्ग भी प्रशस्त होगा।



