*राष्ट्रीय एकता दिवस पर ‘रन फॉर यूनिटी का आयोजन कलेक्टर एवं एसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना*

बुरहानपुर :- लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार जिले में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। शनिवार सुबह 8 बजे शनवारा चौराहे से मरीचिका गार्डन तक आयोजित इस दौड़ में लगभग 100 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया।
कलेक्टर विवेक कुमार एवं एसपी आशुतोष बागरी ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान और देश की एकता एवं अखंडता के महत्व को रेखांकित किया।

समापन अवसर पर प्रतिभागी विद्यार्थियों को बालक एवं बालिका वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कृत किया गया। साथ ही कलेक्टर ने उपस्थितजनों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ भी दिलाई।
बालक वर्ग में अनुज त्रिपाठी ने प्रथम, लोकेश महाजन ने द्वितीय एवं नितिन पाटिल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में ज्योति दशोरे ने प्रथम, चम्पा कन्नौजे ने द्वितीय एवं दिव्यानी महाजन ने तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम में एसडीएम पल्लवी पुराणिक सहित अन्य उपस्थित रहे।




