बुरहानपुर

*बुरहानपुर MIC बैठक 7.83 करोड़ का विकास एमागिर्द में आधुनिक मुक्तिधाम और शनवारा-लालबाग सेंट्रल लाइटिंग प्रस्ताव को मिली स्वीकृति*

बुरहानपुर :- नगर पालिक निगम बुरहानपुर में बुधवार को महापौर माधुरी अतुल पटेल की अध्यक्षता में मेयर इन काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, सौंदर्यकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी 7.83 करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं के प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई।

*5.83 करोड़ से ताप्ती किनारे बनेगा आधुनिक मुक्तिधाम*
शहरवासियों को सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम एमागिर्द स्थित ताप्ती नदी के किनारे नवीन मुक्तिधाम विकसित करने की पहल की गई है। लगभग 5.83 करोड़ की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत अंतिम संस्कार से संबंधित सभी आवश्यक आधुनिक सुविधाएं जुटाई जाएंगी। इसमें व्यवस्थित शवदाह स्थल, नागरिकों के बैठने के लिए सर्वसुविधायुक्त प्रतीक्षालय, पेयजल, और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था शामिल होगी।

*शनवारा से लालबाग तक 2.00 करोड़ से सेंट्रल लाइटिंग और फुटपाथ*
शहर की यातायात व्यवस्था और सौंदर्य में सुधार के लिए शनवारा चौराहा से लालबाग तक 2.00 करोड़ की लागत से सेंट्रल लाइटिंग और फुटपाथ निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। इस योजना की सबसे खास बात यह है कि वर्तमान में फैले और खुले विद्युत तारों को वायाडक्ट के माध्यम से व्यवस्थित और पूरी तरह ढका जाएगा। इससे न केवल दुर्घटनाओं का खतरा खत्म होगा, बल्कि सड़क की सुंदरता भी बढ़ेगी। सड़क के दोनों ओर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित फुटपाथ और हाई-टेक स्ट्रीट लाइट्स लगाई जाएंगी।

*सड़क निर्माण और प्रशासनिक कार्यों पर भी जोर*
बैठक के दौरान शहर के विभिन्न वार्डों में जारी सीसी रोड निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई तथा आवश्यकतानुसार समय-वृद्धि और निर्माण गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नगर निगम में कामकाज की गति बढ़ाने के लिए आउटसोर्सिंग के जरिए डेटा एंट्री ऑपरेटरों की भर्ती से संबंधित निविदा प्रक्रिया पर विचार-विमर्श हुआ।

बैठक में पूर्व महापौर अतुल पटेल, एमआईसी सदस्य संभाजी सगरे, धनराज महाजन, नितेश दलाल, भारत इंगले, महेंद्र इंगले, संध्या शिवहरे, अमरीन एजाज अशरफी, अनिल विस्पते सहित निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा एवं सभी विभागीय यंत्री व अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button