*सोशल मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट से रहें दूर बुरहानपुर पुलिस ने व्हाट्सएप ग्रुप एडमिनों के लिए दिए अनिवार्य दिशा-निर्देश*

बुरहानपुर :-आगामी गणेश उत्सव त्यौहार के मद्देनजर बुरहानपुर पुलिस प्रशासन शांति और सांप्रदायिक सद्भावना बनाए रखने के लिए पूरी तरह अलर्ट हो गया है। बुरहानपुर एसपी आशुतोष बागरी ने जिले के सभी नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक व भड़काऊ सामग्री से दूर रहने की अपील की है।
एसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर धार्मिक या जातिगत भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाले पोस्ट, फोटो, वीडियो अथवा ऑडियो शेयर करना भारी पड़ सकता है। समाज में तनाव और अशांति पैदा करने वाली ऐसी सामग्री को न केवल पोस्ट करने वालों पर, बल्कि उसे लाइक, शेयर और फॉरवर्ड करने वालों के खिलाफ भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
*व्हाट्सएप ग्रुप एडमिन ध्यान दें*
त्यौहार के दौरान शांति व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने व्हाट्सएप ग्रुप एडमिनों के लिए अनिवार्य दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बुरहानपुर पुलिस ने सभी ग्रुप एडमिनों से अपील की है कि वे अपने व्हाट्सएप ग्रुप की सेटिंग्स में बदलाव कर ‘ओनली एडमिन्स’ (Only Admins) कर लें, ताकि केवल एडमिन ही मैसेज भेज सकें। यदि किसी ग्रुप में कोई भड़काऊ या आपत्तिजनक संदेश शेयर होता है जिससे सांप्रदायिक सद्भावना बिगड़ने का खतरा पैदा होता है, तो संबंधित व्हाट्सएप ग्रुप एडमिन को भी जवाबदेह मानते हुए उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
*कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी*
सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की विभिन्न धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
*24 घंटे जारी है पुलिस की निगरानी*
जिले में ऑनलाइन गतिविधियों पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है। इसके लिए पुलिस की विशेष ‘सोशल मीडिया सेल’ और प्रत्येक थाना स्तर पर गठित ‘सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल’ को एक्टिव मोड पर रखा गया है। यह सेल हर प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों, पोस्टों और अफवाहों पर बारीक नजर रख रही है।
*नागरिकों से सहयोग की अपील*
बुरहानपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें फैलाएं। यदि किसी भी नागरिक के संज्ञान में सोशल मीडिया पर कोई आपत्तिजनक पोस्ट या शांति भंग करने वाली गतिविधि आती है, तो वे तुरंत अपने नजदीकी थाने में स्थित साइबर हेल्प डेस्क अथवा जिला साइबर सेल को सूचित करें। शांतिप्रिय वातावरण में त्यौहार मनाने के लिए पुलिस का सहयोग करें।





