बुरहानपुर के खकनार में कांग्रेस का संवाद कार्यक्रम, राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ इवेंट के लिए भारी रजिस्ट्रेशन

बुरहानपुर :- देश की भावी पीढ़ी और विद्यार्थियों की समस्याओं को राष्ट्रीय पटल पर उठाने के उद्देश्य से आगामी 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने जा रहे लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विशेष कार्यक्रम छात्रों की गूंज’ की तैयारियों को लेकर बुरहानपुर जिले के ग्रामीण अंचलों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को जिले के ग्राम खकनार में कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रविंद्र महाजन के नेतृत्व में एक विशाल छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की और 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपना पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) कराया।
*शिक्षा व्यवस्था और छात्रों के मन की बात सुन रहे राहुल गांधी- रविंद्र महाजन*
छात्रों को संबोधित करते हुए ग्रामीण जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रविंद्र महाजन ने कहा कि वर्तमान दौर में राहुल गांधी देश के एकमात्र ऐसे शीर्ष जननेता हैं जो स्वयं विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उनके मन की बात को संवेदनशीलता से सुन रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में सुधार की अत्यंत आवश्यकता है और राहुल गांधी लगातार छात्रों से मिलकर न केवल उनकी समस्याएं समझ रहे हैं, बल्कि शिक्षा के स्तर में सुधार के लिए ठोस उपाय और दृष्टिकोण भी प्रस्तुत कर रहे हैं।
*गैर-राजनीतिक मंच पर होगी शिक्षा व्यवस्था की कमियों पर चर्चा निखिल खंडेलवाल*
कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता निखिल खंडेलवाल ने स्पष्ट किया कि 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाला ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पूर्णतः गैर-राजनीतिक है। यह आयोजन देश के विभिन्न प्रमुख शहरों में चलाया जा रहा एक ऐसा अभियान है, जिसका मुख्य उद्देश्य नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और छात्र समुदाय के बीच सीधा व पारदर्शी संवाद स्थापित करना है।
खंडेलवाल ने कहा कि इस मंच के माध्यम से छात्र स्वयं आगे आकर भारतीय शिक्षा प्रणाली की कमियों, दैनिक जीवन एवं करियर में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों और अपनी आकांक्षाओं को राहुल गांधी के समक्ष रख रहे हैं। वहीं, राहुल गांधी भी शिक्षा सुधार और उज्जवल भविष्य की संभावनाओं पर अपने विचार छात्रों से साझा करेंगे।
*स्थानीय कांग्रेस नेताओं और युवाओं की रही गरिमामयी मौजूदगी*
खकनार में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम को सफल बनाने और छात्रों के मार्गदर्शन के लिए कांग्रेस प्रवक्ता निखिल खंडेलवाल, दरियापुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पदम कुमार चौहान, वरिष्ठ नेता नारायण महाजन, नेपानगर विधानसभा के युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश राठौर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और युवा वर्ग उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने संयुक्त रूप से युवाओं से इंदौर कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।



