*दहीहांडी-बड़सिंगी मार्ग पर 4.76 करोड़ से बनेगा उच्चस्तरीय पुल, किसानों की राह होगी आसान*

बुरहानपुर :- बुरहानपुर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस के प्रयासों से क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होने जा रहा है। ग्राम दहीहांडी से ग्राम बड़सिंगी को जोड़ने वाले शाहपुर संग्रामपुर मार्ग पर 60 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल के निर्माण के लिए 476.52 लाख (लगभग 4.76 करोड़) रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद संबंधित एजेंसी को निर्माण कार्य का वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिया गया है।
दहीहांडी-बड़सिंगी मार्ग पर मानसून के दौरान नालों में उफान और बाढ़ का पानी आने से आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता था। इसका सबसे बुरा असर स्थानीय किसानों पर पड़ता था। बारिश में खेतों से पकी हुई फसल बाहर निकालना और उसे मंडी तक सुरक्षित पहुंचाना भारी चुनौती बन जाता था। आम ग्रामीणों को भी दैनिक जरूरतों, स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन कार्यों के लिए आने-जाने में जोखिम उठाना पड़ता था।
क्षेत्रवासियों की इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता पर लेते हुए चिटनिस ने शासन स्तर पर लगातार पैरवी की। उनके प्रयासों से स्वीकृत इस 60 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल के बनने से बारिश में जलभराव की समस्या खत्म होगी। इससे दहीहांडी और बड़सिंगी सहित आसपास के कई गाँवों की संपर्क व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
इस सौगात के लिए अर्चना चिटनिस ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं पंचायत व ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के प्रति आभार व्यक्त किया। पुल का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।



