*जनजाग्रति संस्था करेगी जिले के पत्रकारों का सम्मान, समाज सेवा को जन-जन तक पहुँचाने में योगदान के लिए आभार*

बुरहानपुर:- समाज सेवा के क्षेत्र में बुरहानपुर जिले की अग्रणी संस्था ‘जनजाग्रति संस्था’ द्वारा जल्द ही एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में जिले के विभिन्न प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकार बंधुओं के साथ-साथ प्रेस फोटोग्राफरों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। संस्था का मानना है कि उसके सामाजिक और जनसेवा के कार्यों को आम जनता तक पहुँचाने में पत्रकारों ने निष्पक्ष और अमूल्य भूमिका निभाई है।
जनजाग्रति संस्था अपने सदस्यों के आपसी सहयोग और सहयोग राशि के माध्यम से निरंतर सामाजिक और कल्याणकारी गतिविधियों का संचालन करती आ रही है। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर, गरीब सहायता, शिक्षा प्रोत्साहन और जन जागरूकता जैसे विविध सेवा कार्यों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने में मीडिया जगत का निरंतर सहयोग मिलता रहा है। दैनिक, साप्ताहिक, पाक्षिक, और मासिक समाचार पत्रों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और छायाकारों प्रेस फोटोग्राफर ने संस्था के प्रयासों को प्रमुखता से प्रकाशित और प्रसारित किया है।
पत्रकारों के इसी निरंतर और सराहनीय सहयोग के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से संस्था की हाल ही में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि जिले के उन सभी मीडिया कर्मियों को मंच प्रदान कर सम्मानित किया जाए, जिन्होंने प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से संस्था के सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने में अपना योगदान दिया है। संस्था के अनुसार, पत्रकार समाज का दर्पण हैं और जनसेवा के कार्यों में उनका यह सहयोग अत्यंत अमूल्य है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
संस्था द्वारा शीघ्र ही इस सम्मान समारोह की तिथि, समय और स्थान का निर्धारण कर दिया जाएगा। इसके उपरांत जिले के सभी आमंत्रित पत्रकार बंधुओं को विधिवत आमंत्रण पत्र भेजकर सूचित किया जाएगा।
आयोजित बैठक में जनजाग्रति संस्था के संरक्षक एवं संस्थापक अध्यक्ष महेंद्र जैन, अध्यक्ष डॉ. किरण सिंह, तथा वरिष्ठ पदाधिकारी व सदस्य शोभा चौधरी, हरिओम अग्रवाल, रविन्द्र महाजन, देवचंद शर्मा, मनोज तीर्थानि, उर्मिला दुबे सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर समाजहित के कार्यों को और अधिक गति देने तथा मीडिया प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाए रखने का संकल्प लिया।



