बुरहानपुर में गणेशोत्सव को लेकर DIG सिमाला प्रसाद की मौजूदगी में निकला फ्लैग मार्च

बुरहानपुर:- आगामी गणेश उत्सव और त्योहारों के दौरान जिले में शांति, सौहार्द व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बुरहानपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। आमजन में सुरक्षा का विश्वास जगाने और असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देने के उद्देश्य से शनिवार को शहर के संवेदनशील एवं प्रमुख इलाकों में पुलिस बल द्वारा एक विशाल और प्रभावी फ्लैग मार्च निकाला गया। इस फ्लैग मार्च की विशेष बात यह रही कि इसमें निमाड़ रेंज खरगोन DIG सिमाला प्रसाद स्वयं शामिल हुईं।
एक दिवसीय दौरे पर बुरहानपुर पहुंचीं दीजिये सिमाला प्रसाद ने सबसे पहले पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक ली। बैठक में उन्होंने त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी (CCTV) कंट्रोल रूम तथा डायल 100 कंट्रोल रूम का बारीकी से निरीक्षण किया और व्यवस्थापकों को मुस्तैदी से निगरानी करने के निर्देश दिए।
*प्रमुख मार्गों से गुजरा फ्लैग मार्च**
निरीक्षण व बैठक के पश्चात DIG सिमाला प्रसाद और एसपी आशुतोष बागरी के नेतृत्व में पुलिस कंट्रोल रूम से फ्लैग मार्च रवाना हुआ। यह मार्च शहर के विभिन्न संवेदनशील और प्रमुख मार्गों—सुभाष चौक, गांधी चौक, फूल चौक, शनि मंदिर, बाई साहब की हवेली, पांडूमल चौराहा, कमल चौक, जय स्तंभ और मंडी चौक से होते हुए पुन: पुलिस कंट्रोल रूम पर संपन्न हुआ। फ्लैग मार्च में ए एसपी प्रदीप शेण्डे,सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह, डीएसपी सुनील दीक्षित, रक्षित निरीक्षक नितेश राठौर सहित कोतवाली, शिकारपुरा, गणपति नाका, लालबाग और यातायात थाने के प्रभारी व भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
*शांति भंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई DIG*
फ्लैग मार्च के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए DIG सिमाला प्रसाद ने कहा हमारी पहली प्राथमिकता शहर में अमन-चैन और सुरक्षा का माहौल बनाए रखना है। इस फ्लैग मार्च के माध्यम से हम नागरिकों को यह विश्वास दिलाना चाहते हैं कि पुलिस हर समय और हर परिस्थिति में उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है। किसी भी सूरत में असामाजिक तत्वों या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।”
*सीसीटीवी, ड्रोन और सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर*
त्योहारों के मद्देनजर बुरहानपुर पुलिस ने सुरक्षा का त्रिस्तरीय खाका तैयार किया है शहर के कोने-कोने और संवेदनशील इलाकों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए नजर रखी जाएगी।
पुलिस की टेक्निकल टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की 24 घंटे मॉनिटरिंग करेगी। किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भ्रामक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट करने, फॉरवर्ड करने या लाइक करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी जिले भर में प्रमुख स्थानों पर फिक्स पुलिस पिकेट्स तैनात किए जाएंगे। इसके साथ ही सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस की मोबाइल और बाइक पार्टियां लगातार पेट्रोलिंग करेंगी।
जिला पुलिस प्रशासन ने बुरहानपुर के निवासियों से गणेश उत्सव का पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाने की अपील की है।




