अर्वाचीन इंडिया स्कूल ने रचा सफलता का इतिहास, 10वें वर्ष में भी शानदार परिणाम

परंपरा है अर्वाचीन इंडिया स्कूल की सफलता
बुरहानपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के घोषित परिणामों में अर्वाचीन इंडिया स्कूल फॉर होलिस्टिक लर्निंग ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता की नई मिसाल पेश की है। स्थापना के 10वें वर्ष में विद्यालय ने यह सिद्ध कर दिया कि उसकी उपलब्धियां संयोग नहीं, बल्कि एक सुदृढ़ शैक्षणिक परंपरा, अनुशासन और निरंतर प्रयासों का परिणाम हैं।
विद्यालय द्वारा हासिल परीक्षा परिणाम इस बात का प्रमाण है कि यहां शिक्षा केवल अंकों तक सीमित नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर आधारित है। परिणामों का विश्लेषण दर्शाता है कि हर 8 में से 1 छात्र ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, हर 6 में से 1 छात्र 85 प्रतिशत से ऊपर रहा तथा हर 4 में से 1 छात्र ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित कर विद्यालय की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
इस वर्ष विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्था का नाम गौरवान्वित किया। विद्यालय के टॉपर पीयूष भूते ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं क्रीना पटेल और विधि गुप्ता ने 92-92 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। आर्या पाठक ने 91.4 प्रतिशत, अश्विन गुमनानी ने 91 प्रतिशत तथा करिश्मा नेमाडे ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता अर्जित की।
विद्यालय के निदेशक अमित मिश्रा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है, जिससे वे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने बताया कि अनुशासन, नवाचार और समग्र शिक्षा पद्धति के समन्वय से ही यह निरंतर सफलता संभव हो पाई है।
निदेशिका श्रीमती राखी मिश्रा ने इस उपलब्धि को अभिभावकों के विश्वास और विद्यालय परिवार के समर्पण का परिणाम बताते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों की यह निरंतर सफलता ही विद्यालय की पहचान बन चुकी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी संस्था इसी प्रकार उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करती रहेगी।
विद्यालय की उपलब्धियों में लगातार 10वें वर्ष 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम विशेष रूप से उल्लेखनीय है। साथ ही गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान जैसे विषयों में 15 से अधिक विद्यार्थियों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय में खेल, कला एवं व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ शैक्षणिक गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।
प्राचार्य एवं समस्त विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
*जरा हटके*
शैक्षणिक उत्कृष्टता के 10 वर्ष पूर्ण, 100% सफलता का गौरव।
सफलता संयोग नहीं, हमारी परंपरा है।
हर 8 में से 1 छात्र 90% से अधिक।
हर 6 में से 1 छात्र 85% से अधिक।
हर 4 में से 1 छात्र 80% से अधिक।



