गायत्री शक्तिपीठ बुरहानपुर में 2400 घरों में एक साथ होगा ‘श्री गणेश गायत्री महायज्ञ

बुरहानपुर :- अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार की बुरहानपुर शाखा द्वारा आगामी ऐतिहासिक आध्यात्मिक आयोजनों की विस्तृत रूपरेखा साझा करने के लिए संजय नगर स्थित गायत्री शक्तिपीठ में एक विशेष प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और पावन गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुई। इसके पश्चात गायत्री परिवार की परंपरा के अनुसार उपस्थित सभी पत्रकारों और छायाचित्रकारों का तिलक लगाकर ससम्मान स्वागत किया गया।
प्रेस वार्ता के दौरान कार्यक्रम के मुख्य आयोजक और सेनापति ब्रजेश पटेल ने आगामी आयोजनों की पूरी कार्ययोजना पत्रकारों के समक्ष रखी। गायत्री शक्तिपीठ के प्रमुख ट्रस्टी वसंत मोंढे ने गायत्री परिवार के मुख्य उद्देश्यों और विचारों पर प्रकाश डाला। वहीं, जिला समन्वयक नारायण राव चौधरी ने घर-घर आयोजित होने वाले महायज्ञ के आध्यात्मिक महत्व को रेखांकित करते हुए इसकी महिमा बताई।
19 सितंबर नगर में एक भव्य और विशाल शोभा कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसमें शहर की बड़ी संख्या में मातृशक्तियां और श्रद्धालु सम्मिलित होंगे।
20 सितंबर को इस दिन बुरहानपुर के 2400 परिवारों के घरों में एक ही समय पर ‘श्री गणेश गायत्री महायज्ञ’ का अनुष्ठान संपन्न होगा। यह सामूहिक अनुष्ठान शहर के आध्यात्मिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा।
इस अवसर पर गायत्री परिवार के नितिन मोंढे, कारण प्रजापति, विजय महाजन और जय चौधरी सहित कई समर्पित कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर मीडिया प्रभारी श्री राजेश पटेल ने प्रेस वार्ता में पधारे सभी मीडियाकर्मियों का आभार व्यक्त किया।



