बुरहानपुर

*बुरहानपुर नगर निगम आयुक्त ने स्कूली बच्चों से किया संवाद, स्वच्छता और प्रशासनिक कामकाज की दी जानकारी*

बुरहानपुर:- नगर निगम बुरहानपुर द्वारा शहर के विद्यार्थियों को प्रशासनिक प्रणाली और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए एक विशेष पहल की गई। बुरहानपुर बीड़ी उद्योग द्वारा संचालित स्कूल के 30 विद्यार्थियों ने नगर निगम का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान बच्चों ने निगम के कुल 22 विभागों के कामकाज को बहुत ही करीब से समझा।

भ्रमण के पश्चात विद्यार्थियों ने निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव के चेंबर में जाकर उनसे मुलाकात की। इस अनूठी भेंट के दौरान बच्चों ने निगम की कार्यप्रणाली, शहर की साफ-सफाई, सीवरेज योजना, सड़क निर्माण, जल वितरण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था और महिला अधिकारियों के कार्य करने के तरीकों को लेकर कई दिलचस्प और सीधे सवाल पूछे।

निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने एक शिक्षक की भूमिका निभाते हुए बच्चों के सभी सवालों के सहज उत्तर दिए। उन्होंने बच्चों के सामाजिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास के साथ-साथ प्रशासनिक जागरूकता पर जोर दिया। आयुक्त ने बताया कि नगर निगम किस प्रकार शहर की बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों का संचालन करता है।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का विशेष पाठ पढ़ाया गया। “विद्यालय से घर-घर पहुंचेगा स्वच्छता का संदेश” और “मेरा योगदान” अभियान के तहत बच्चों को प्रेरित किया गया कि वे गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें तथा कचरा केवल निगम के वाहन में ही डालें। साथ ही, सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने का संकल्प दिलाया गया ताकि स्कूली स्तर से ही बच्चों में नागरिक कर्तव्यों की भावना विकसित हो सके।

इस अवसर पर बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए चॉकलेट्स का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में पार्षद गौरव शुक्ला, राजेश महाजन, स्कूल के संचालक सचिव सैयद शारिक, सहायक वसीम खान और निगम के संतोष सोनवणे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस विजिट से बच्चों को प्रशासनिक व्यवस्था को समझने और शहर के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभाने का एक बेहतरीन अवसर मिला।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button