*बुरहानपुर मैक्रो विज़न एकेडमी में IAPT की राष्ट्रीय स्तरीय परीक्षा संपन्न, 309 विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह*

बुरहानपुर :- प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणामों के लिए पहचाने जाने वाले मैक्रो विज़न एकेडमी संस्थान में भारतीय भौतिकी शिक्षक संघ (IAPT) के तत्वावधान में 21 और 22 नवंबर, 2026 को राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा परखने और देशभर के अन्य परीक्षार्थियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिला।
आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए IAPT केंद्र के प्रभारी विकेश मोटवानी ने बताया कि इस परीक्षा में विद्यार्थियों ने अपनी रुचि और पसंदीदा विषयों में भाग लिया। परीक्षा के अंतर्गत भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, खगोल विज्ञान तथा जूनियर विज्ञान जैसे विषयों के प्रश्नपत्र शामिल रहे, जिससे विद्यार्थियों को अपनी योग्यता प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्राप्त हुआ।
परीक्षा में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के कुल 309 विद्यार्थी सम्मिलित हुए, जिनमें मैक्रो विज़न एकेडमी के साथ-साथ अन्य विद्यालयों के विद्यार्थी भी शामिल रहे। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और आत्मविश्वास नजर आया। संपूर्ण आयोजन सुव्यवस्थित और अनुशासित वातावरण में संपन्न कराया गया।
संस्थान प्रबंधन के अनुसार, मैक्रो विज़न एकेडमी ऐसी प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन और उनमें सक्रिय भागीदारी के लिए हमेशा अग्रणी रही है। इस प्रकार की राष्ट्रीय परीक्षाएं IIT, JEE और NEET जैसी प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी मानी जाती हैं, क्योंकि इनसे उन्हें अपनी तैयारी का वास्तविक आकलन करने का अवसर मिलता है। अपनी खूबियों और कमजोरियों को पहचानकर विद्यार्थी अपनी आगामी रणनीति को और अधिक सशक्त बना सकते हैं। संस्थान ने भविष्य में भी विद्यार्थियों के शैक्षणिक हित में ऐसी पहल जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया है।




