बुरहानपुर

*अर्चना चिटनिस की संवेदनशील पहल से जिला चिकित्सालय में आशा कार्यकर्ताओं को मिली बड़ी सौगात, बनाया गया विशेष विश्राम कक्ष*

बुरहानपुर :- ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ मानी जाने वाली आशा कार्यकर्ताओं की सुविधाओं और उनके समर्पण को सम्मान देने की दिशा में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस की पहल पर शासकीय जिला चिकित्सालय बुरहानपुर में विशेष विश्राम कक्ष तैयार किया गया है। अब दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए जिला चिकित्सालय लेकर आने वाली आशा कार्यकर्ताओं को अस्पताल में ठहरने के दौरान विश्राम के लिए एक निर्धारित स्थान उपलब्ध होगा।

विधायक चिटनिस ने जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान आशा कार्यकर्ताओं की इस आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रबंधन को उनके लिए पृथक विश्राम कक्ष तैयार करने के निर्देश दिए थे। उनके निर्देशों के पालन में अस्पताल प्रबंधन द्वारा कक्ष तैयार कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसमें बिस्तर, रोशनी एवं पंखों की व्यवस्था की गई है।

उल्लेखनीय है कि आशा कार्यकर्ता गर्भावस्था के शुरुआती दौर से ही अपने क्षेत्र की महिलाओं के निरंतर संपर्क में रहती हैं। वे गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की देखभाल, नियमित जांच, आवश्यक परामर्श और सुरक्षित प्रसव के लिए उन्हें प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रसव का समय आने पर कई बार वे दूरस्थ गांवों से गर्भवती महिलाओं को लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचती हैं और अस्पताल में उनके साथ रुककर आवश्यक सहयोग भी करती हैं। इस दौरान उन्हें स्वयं के विश्राम के लिए उचित स्थान उपलब्ध नहीं हो पाता था। श्रीमती चिटनिस के निर्देश पर तैयार किया गया यह विश्राम कक्ष आशा कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा। यह पहल केवल एक कमरे की व्यवस्था नहीं, बल्कि दिन-रात ग्रामीण मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में जुटी आशा कार्यकर्ताओं के श्रम, समर्पण और जिम्मेदारी के प्रति सम्मान का भी प्रतीक है।

अर्चना चिटनिस ने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे गांव-गांव में माताओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए निरंतर सेवाएं देती हैं। उनकी सुविधाओं और सम्मान का ध्यान रखना भी हमारी जिम्मेदारी है। जिला चिकित्सालय में मरीजों के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रत्येक वर्ग के लिए बेहतर व्यवस्थाएं विकसित करना हमारी प्राथमिकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button