*बुरहानपुर बना मिसाल नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान में प्रदेश में तीसरा स्थान*

बुरहानपुर :- युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत बुरहानपुर जिले ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। एसपी आशुतोष बागरी के कुशल निर्देशन में जिलेभर में चलाए गए प्रभावी जनजागरूकता अभियानों के दम पर बुरहानपुर ने पूरे मध्यप्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस शानदार सफलता पर पुलिस मुख्यालय की ओर से आईजी अनुराग ने एसपी आशुतोष बागरी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
*विश्व पटल पर मिली अनूठी पहचान*
इस अभियान के दौरान बुरहानपुर पुलिस द्वारा एक अनूठा और ऐतिहासिक कदम उठाया गया। पुलिस के मार्गदर्शन में जिलेभर के विद्यालयों और महाविद्यालयों के 32,002 से अधिक विद्यार्थियों ने एक ही दिन में हस्तलिखित नशामुक्ति संदेश लिखकर और हस्ताक्षर कर इस अभियान में भाग लिया। इस अभूतपूर्व और अनुकरणीय पहल को वैश्विक स्तर पर मान्यता मिली है। लंदन के प्रतिष्ठित वर्ल्ड बुक of रिकार्ड्स ने इस उत्कृष्ट कार्य के लिए एसपी ऑफिस बुरहानपुर को सर्टिफिकेट of एक्सीलेंस से नवाजा है।
*जनभागीदारी और टीमवर्क का परिणाम*
एसपी आशुतोष बागरी के मार्गदर्शन में शहरी और ग्रामीण दोनों ही क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना प्रभारियों, पुलिसकर्मियों, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों के आपसी समन्वय व टीमवर्क से यह संदेश घर-घर तक पहुँचाया गया कि नशा न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य को बर्बाद करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।
इस उपलब्धि पर एसपी ने पूरी टीम और बुरहानपुर की जनता का आभार जताते हुए कहा कि यह जनसहभागिता का ही परिणाम है। बुरहानपुर पुलिस का यह अभियान आज पूरे राज्य के लिए एक प्रेरणा बन चुका है, जो भविष्य में भी एक स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर जारी रहेगा बुरहानपुर पुलिस का संदेश नशे से दूरी अपनाएं, स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।




