बुरहानपुर

*बुरहानपुर धूलकोट खेत के कुएं में गिरा तेंदुआ रातभर चला रेस्क्यू सुबह सीढ़ी के सहारे जंगल की ओर भागा*

बुरहानपुर :- बुरहानपुर जिले के धुलकोट क्षेत्र के सराय गांव के नावनिया फालिया में बुधवार रात एक तेंदुआ अचानक खेत के खुले कुएं में जा गिरा। गनीमत यह रही कि करीब 12 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गुरुवार सुबह तेंदुआ सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा और जंगल की ओर लौट गया।

घटना की शुरुआत बुधवार रात तब हुई, जब खेत के मालिक जगदीश तरोले मोटर पंप चालू करने के लिए कुएं के पास पहुंचे। उन्होंने जब टॉर्च की रोशनी डालकर कुएं में देखा, तो अंदर तेंदुआ मौजूद था। घबराए किसान ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए इसकी सूचना गांव वालों और वन विभाग को दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही धुलकोट रेंजर लखनलाल वास्कले के नेतृत्व में वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुएं के चारों ओर घेराबंदी की और ग्रामीणों को दूर रहने की हिदायत दी, ताकि तेंदुआ घबराकर कोई आक्रामक कदम न उठाए। बुधवार रात को कुएं में खटिया डालकर तेंदुए को बाहर निकालने के कई प्रयास किए गए, लेकिन अंधेरे और भय के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

इसके बाद इंदौर से विशेष रेस्क्यू टीम को बुलाने की तैयारी शुरू की गई। हालांकि, गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे वन विभाग की ओर से कुएं में सीढ़ी उतारी गई, जिसके सहारे तेंदुआ खुद-ब-खुद ऊपर आया और तेजी से पास के जंगल की तरफ भाग निकला। तेंदुए के सुरक्षित लौटने से प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

इस घटना के बाद इलाके के किसानों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार तेंदुए की आवाजाही देखी जा रही थी। स्थानीय किसानों ने वन विभाग से मांग की है कि इलाके में सुरक्षा और गश्त बढ़ाई जाए, ताकि इंसानों और वन्यजीवों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button