*बुरहानपुर में हर्षोल्लास से मनाया गया 71वां मध्य प्रदेश स्थापना दिवस, किसान क्विज विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार*

बुरहानपुर :- परमानंद गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम, इंदिरा कॉलोनी में रविवार को मध्यप्रदेश का जिला स्तरीय स्थापना दिवस समारोह बेहद उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, नेपानगर विधायक मंजू दादू, महापौर माधुरी अतुल पटेल और कलेक्टर विवेक कुमार ने दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत और मध्यप्रदेश गान गाया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। बुरहानपुर की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि केला उत्पादन में यहां के किसानों ने देश में विशिष्ट पहचान बनाई है।
नेपानगर विधायक मंजू दादू ने कहा कि मध्यप्रदेश विविधता में एकता का प्रतीक है, जहां सभी आपसी सद्भाव के साथ निवास करते हैं। कलेक्टर विवेक कुमार ने जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर पर प्रकाश डाला। बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनीस, महापौर माधुरी पटेल और भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज माने ने भी अपने विचार रखे।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण आदिवासी लोकनृत्य रहा, जिसकी पारंपरिक धुनों पर सांसद, विधायकों, महापौर और कलेक्टर समेत सभी अतिथि झूम उठे। इसके साथ ही मैक्रोविजन एकेडमी, सावित्रीबाई फुले कन्या शाला, सरस्वती शिशु मंदिर और अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों ने शिव तांडव और देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
समारोह के अंत में अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




