बुरहानपुर

*बुरहानपुर हाईवे का रूट बदला सन्नाटे में ट्रांसपोर्ट नगर 250 मैकेनिकों के सामने रोजी-रोटी का संकट, झिरी में नई जगह की मांग*

बुरहानपुर :- इंदौर-इच्छापुर हाईवे का रास्ता बदले जाने से बुरहानपुर के ट्रांसपोर्ट नगर का कारोबार पूरी तरह ठप्प पड़ गया है। पहले मुख्य हाईवे ट्रांसपोर्ट नगर से होकर गुजरता था, लेकिन अब वाहनों की आवाजाही झिरी, उमरदा और जैनाबाद होते हुए मुख्य मार्ग से हो रही है। इस रूट डायवर्जन के कारण ट्रांसपोर्ट नगर में सन्नाटा पसर गया है और करीब 250 मैकेनिकों व गैराज संचालकों के सामने गंभीर आर्थिक व रोजगार संकट खड़ा हो गया है।

*प्रदर्शन कर जताया विरोध, नगर निगम के पट्टों पर उठाए सवाल*
मंगलवार दोपहर समस्या से परेशान मैकेनिकों ने एकजुट होकर ट्रांसपोर्ट नगर में जोरदार नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया। मैकेनिकों का कहना है कि हाईवे से भारी और भारी व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही बंद होने से ट्रांसपोर्ट नगर में ग्राहकों का आना लगभग खत्म हो गया है, जिससे उनकी दैनिक कमाई और काम-काज ठप्प हो गया है।

पीड़ित मैकेनिकों ने दर्द बयां करते हुए कहा कि नगर निगम से उन्हें 30 साल के लिए पट्टे (लीज) मिले हुए हैं, लेकिन कारोबार न होने की वजह से ये पट्टे अब उनके लिए बेमानी और बेकार साबित हो रहे हैं। जब नए हाईवे से गुजरने वाले वाहन ट्रांसपोर्ट नगर तक पहुंच ही नहीं पा रहे हैं, तो वे अपनी दुकानें कैसे चलाएं?

*झिरी के पास नया ट्रांसपोर्ट नगर बसाने की मांग*
समस्या के स्थाई समाधान के लिए मैकेनिकों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से मुलाकात की और अपनी समस्याओं का ज्ञापन सौंपा। मैकेनिकों ने मांग रखी है कि झिरी के पास स्थित खाली सरकारी जमीन पर नया ट्रांसपोर्ट नगर बसाया जाए और प्रभावित सभी मैकेनिकों को वहां दुकानें या काम करने के लिए प्लॉट आवंटित किए जाएं, ताकि उनकी आजीविका फिर से पटरी पर आ सके।

इस दौरान मोहम्मद साहब, मोहम्मद रफीक, मोहम्मद जावीद सहित बड़ी संख्या में स्थानीय मैकेनिक और श्रमिक मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button