बुरहानपुर

*दीपावली पर अस्थायी पटाखा दुकानों की बढ़ी नीलामी राशि पूर्ववत करने का महापौर ने दिया आश्वासन*

बुरहानपुर :- दीपावली पर्व पर प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी रेणुका माता मंदिर रोड पर सजने वाली अस्थायी पटाखा दुकानों की नीलामी राशि में की गई वृद्धि को लेकर लाइसेंसी व्यापारियों में चिंता का माहौल है। इस बढ़ी हुई राशि से उत्पन्न आर्थिक भार को लेकर मंगलवार को पटाखा व्यापारियों ने एमआईसी सदस्यों के साथ महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं।

व्यापारियों ने महापौर को अवगत कराया कि त्योहार के समय मंदिर मार्ग पर अस्थायी पटाखा दुकानें लगाई जाती हैं। इस वर्ष नीलामी राशि में अत्यधिक वृद्धि कर दी गई है, जिससे छोटे और लाइसेंसी व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने महापौर से आग्रह किया कि व्यापारियों की स्थिति और त्योहार के अवसर को ध्यान में रखते हुए इस नीलामी राशि को पूर्व निर्धारित (पूर्ववत) स्तर पर लाया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।

व्यापारियों की समस्या को महापौर माधुरी अतुल पटेल ने गंभीरतापूर्वक सुना और तत्काल नगर निगम के राजस्व अधिकारी से चर्चा की। महापौर ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि बढ़ी हुई नीलामी राशि को पूर्ववत करने के संबंध में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए समस्या के जल्द निराकरण का भरोसा दिलाया।

महापौर द्वारा दिए गए इस आश्वासन पर पटाखा व्यापारियों ने उनका स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि निगम प्रशासन जल्द ही उचित निर्णय लेकर उन्हें राहत प्रदान करेगा।

इस अवसर पर पूर्व महापौर अतुल पटेल, एमआईसी सदस्य भारत इंगले, नितेश दलाल सहित अनेक लाइसेंसी पटाखा व्यापारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button