बुरहानपुर

*दिव्यांगजनों को हौसले की मिसाल बताकर अर्चना चिटनिस ने बांटे 48 सहायक उपकरण जिले की 65 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित*

बुरहानपुर :- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में विधायक एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अर्चना चिटनिस ने दिव्यांगजनों को सम्मानित करते हुए 48 चिन्हांकित हितग्राहियों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए। इसी गरिमामय अवसर पर सत्यापन के बाद बुरहानपुर जिले की 65 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित कर संबंधित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में उनके सुशासन, अंत्योदय और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के सशक्तिकरण के संकल्प के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

*आप हिम्मत, हौसले और आत्मविश्वास की मिसाल हैं”*
शिविर को संबोधित करते हुए अर्चना चिटनिस ने कहा हर परिस्थिति का मुकाबला करने की प्रेरणा हमने आपसे ली है। ईश्वर ने हर इंसान में कोई न कोई कमी रखी है—फर्क केवल इतना है कि किसी की कमी दिखाई देती है और किसी की नहीं। हम पैरों से चलते हैं, लेकिन आप अपनी हिम्मत और हौसले से आगे बढ़ते हैं। इसलिए आप हम सभी से अधिक मजबूत और बहादुर हैं।

उन्होंने दिव्यांगजनों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज खुश रहने और दूसरों को खुश रखने का संकल्प लेने का दिन है। केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुँचाना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है।

*विभिन्न सरकारी योजनाओं के आंकड़े प्रस्तुत किए*
चिटनिस ने बताया कि जिले में दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन सहायता योजना के तहत 1,124 दिव्यांगजनों को प्रतिमाह 6.74 लाख रुपये की सहायता दी जा रही है। वहीं सामाजिक सुरक्षा दिव्यांग पेंशन योजना के अंतर्गत 3,435 हितग्राहियों को 600 रुपये प्रतिमाह के मान से कुल 20.61 लाख रुपये की राशि दी जा रही है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के तहत 80% से अधिक दिव्यांगता वाले 727 हितग्राहियों को 4.36 लाख रुपये तथा मानसिक बहुविकलांग आर्थिक सहायता योजना के तहत 722 दिव्यांगजनों को 4.33 लाख रुपये प्रतिमाह प्रदान किए जा रहे हैं।

*48 दिव्यांगजनों को मिले आधुनिक उपकरण*
एडिप योजनान्तर्गत आयोजित इस शिविर में बुरहानपुर नगर निगम क्षेत्र के 38 और ग्रामीण क्षेत्र के 10 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, रोलेटर, ब्रेल किट, टीएलएम किट, सीपी व्हीलचेयर, वॉकर, कृत्रिम अंग तथा दृष्टिबाधित किट जैसे आवश्यक उपकरण वितरित किए गए।

*65 ग्राम पंचायतों की ऐतिहासिक उपलब्धि*
कार्यक्रम में ‘टीबी मुक्त ग्राम पंचायत 2025’ के तहत बुरहानपुर विकासखंड की 33 (6 स्वर्ण, 15 रजत, 12 कांस्य श्रेणी) और खकनार विकासखंड की 32 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित कर सम्मानित किया गया इस अवसर पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, नेपानगर विधायक मंजू राजेंद्र दादू, महापौर माधुरी पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान चिटनिस ने दिव्यांगजनों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनकी समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को तुरंत निराकरण के निर्देश दिए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button