बुरहानपुर

*ग्राम ईटारिया में छुआछूत व वित्तीय धांधली पर गर्माया माहौल भील सेना ने दी आंदोलन की चेतावनी, SC/ST एक्ट में कार्रवाई की मांग*

बुरहानपुर:- बुरहानपुर जिले के तहसील धुलकोट के ग्राम ईटारिया में जातिगत अपमान, वित्तीय अनियमितता और ग्रामीणों को धमकियां देने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। मामले को संज्ञान में लेते हुए भील सेना संगठन और समाजसेवी आकाश गायकवाड़ ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा जिला एवं पुलिस प्रशासन से दोषियों पर तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।

भील सेना संगठन के जिला उपाध्यक्ष सोनू वाधे एवं समाजसेवी आकाश गायकवाड़ ने ग्राम पंचायत ईटारिया में व्यापक स्तर पर फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर आई सरकारी राशि के हिसाब-किताब में भारी धांधली की गई है। इसके अलावा, जब ग्रामीणों ने इस संबंध में सवाल उठाए, तो उन्हें जातिगत रूप से अपमानित किया गया, गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकियां दी गईं।

समाजसेवी आकाश गायकवाड़ और भील सेना प्रतिनिधियों ने प्रशासन के समक्ष पमांगें रखी हैं की ग्राम ईटारिया में छुआछूत जातिगत भेदभाव और धमकियां देने वाले दोषियों के खिलाफ अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं में तत्काल मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए ग्राम पंचायत में प्राप्त समस्त सरकारी बजट और उसके वास्तविक व्यय का पूरा रिकॉर्ड सार्वजनिक किया जाए और उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराई जाए। शिकायतकर्ताओं और ग्रामीणों में फैले डर के माहौल को समाप्त करने के लिए गांव में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और उन्हें पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जाए।

संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने समय रहते इस मामले पर उचित कदम नहीं उठाए और दोषियों को संरक्षण दिया, तो भील सेना ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र जन-आंदोलन और चक्का जाम करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

इस दौरान ईटारिया ग्राम के विला, संजय, राजेश, प्रकाश, शिकाय, दयाल, शिवकुमार, अरबाज, रामदास, मालसिंग, ओमप्रकाश, दिलीप, प्रमसिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button