*विश्व ओजोन दिवस सैफी कादरिया कॉलेज में विद्यार्थियों ने मॉडल प्रदर्शनी के जरिए दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश*

बुरहानपुर :- बुरहानपुर सैफी गोल्डन जुबिली कादरिया महाविद्यालय में ‘विश्व ओजोन दिवस’ के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम एवं मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और महाविद्यालय परिवार में ओजोन परत के संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना था।
आयोजन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए ओजोन परत के महत्व, उसके क्षरण के कारणों और उससे होने वाले गंभीर प्रभावों को दर्शाते आकर्षक व ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए। अपने मॉडलों और प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने समझाया कि वायुमंडल में स्थित ओजोन परत सूर्य से आने वाली हानिकारक पराबैंगनी (UV) किरणों से पृथ्वी पर जीवन की रक्षा करती है। ओजोन क्षरण के कारण त्वचा कैंसर, आंखों की समस्याएं, ग्लेशियरों का पिघलना और पारिस्थितिक असंतुलन जैसे खतरे लगातार बढ़ रहे हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंसूर भाई सेवक ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था का काम नहीं है, बल्कि समाज के हर नागरिक को इसके लिए जागरूक होना पड़ेगा।
महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ. तालिब युसूफ ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक आयोजन विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान से परे वैज्ञानिक विषयों को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर देते हैं। वहीं प्रिंसिपल मोहम्मद इस्माईल बफाती ने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और पर्यावरण के प्रति उनकी जिम्मेदारी की प्रशंसा की।
केमेस्ट्री विभागाध्यक्ष प्रो. शबनम कौसर के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने इन मॉडलों को बेहद सरल और प्रभावी ढंग से तैयार किया था। सफल आयोजन पर महाविद्यालय प्रबंधन समिति के सेक्रेटरी मुल्ला अली असगर टाकलीवाला ने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण सुरक्षा, ओजोन परत के संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग की शपथ के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




