राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में बुरहानपुर से ऐतिहासिक संख्या में पहुंचेंगे छात्र -रिंकू टॉक

बुरहानपुर:- कांग्रेस नेता राहुल गांधी आगामी 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित विशाल ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे हैं। इस कार्यक्रम में राहुल गांधी युवाओं और छात्र-छात्राओं के साथ सीधा संवाद करेंगे, उनकी समस्याओं को सुनेंगे और शिक्षा व भविष्य से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इंदौर में होने वाले इस बड़े आयोजन को लेकर पूरे प्रदेश के साथ-साथ बुरहानपुर जिले में भी कांग्रेस पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
शनिवार को बुरहानपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रिंकू टॉक के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने शहर के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों का दौरा किया। कांग्रेस टीम ने तिब्बिया कॉलेज, सेवा सदन कॉलेज और हकीमिया कॉलेज सहित विभिन्न कॉलेजों के प्रांगण में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से सीधा संपर्क साधा। इस दौरान नेताओं ने युवाओं को राहुल गांधी के कार्यक्रम के मुख्य उद्देश्यों से अवगत कराया और उनसे बड़ी संख्या में इंदौर पहुँचने की अपील की।
कॉलेज परिसरों में संवाद के दौरान कई छात्र-छात्राओं ने राहुल गांधी के इस मंच और संवाद कार्यक्रम का खुला समर्थन किया। युवाओं का कहना है कि यह एक ऐसा मंच साबित होगा जहां वे अपनी समस्याओं, बेरोजगारी, महंगी शिक्षा और छात्रवृत्ति से जुड़ी चुनौतियों को सीधे राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने रख सकेंगे। अनेक विद्यार्थियों ने 19 सितंबर को इंदौर पहुंचकर इस आयोजन का हिस्सा बनने की इच्छा जताई।
मीडिया प्रभारी तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस दौरान कॉलेज परिसरों में युवाओं के बीच काफी उत्साह देखा गया। बुरहानपुर शहर जिला अध्यक्ष रिंकू टॉक ने संवाद के बाद कहा 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने जा रहा ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह देश के युवाओं की आवाज उठाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। बुरहानपुर से ऐतिहासिक संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा इंदौर पहुंचेंगे और इस कार्यक्रम को सफल बनाएंगे। राहुल गांधी जी हमेशा से युवाओं और छात्रों की आवाज बनते आए हैं, और यह संवाद उनके भविष्य को एक नई दिशा देगा।
इस जनसंपर्क अभियान और कॉलेज संवाद के दौरान कांग्रेस पार्टी के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शहर जिला अध्यक्ष रिंकू टॉक के साथ अनिता यादव, वाज़िद इक़बाल, अकील औलिया, फ़हीम हाशमी, मीनाक्षी महाजन, आसिफ़ खान, हेमंत सोनवणे, आशीष भगत, देवेश्वर ठाकुर, असगर चौधरी, शेख आरिफ़, शेख रूस्तम, भावेश तोमर सहित भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के अनेक कार्यकर्ता और साथी विशेष रूप से मौजूद रहे।



