*मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रादेशिक सिंधी सम्मेलन में हुए शामिल इंदौर में 16 सितंबर को होगा ‘सिंधु कला केंद्र’ का भूमि पूजन*

बुरहानपुर:- राजधानी भोपाल स्थित सिंधु भवन में रविवार को विशाल प्रादेशिक सिंधी सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस सम्मेलन में मध्यप्रदेश के कोने-कोने से आए सिंधी समाज के प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और पंचायत प्रमुखों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में इंदौर संभाग का प्रतिनिधित्व बुरहानपुर के वरिष्ठ कार्यक्रम संयोजक ईश्वर झामनानी तथा भाजपा नेता बलराज नावानी ने किया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सिंधी समाज के अधिकारों, सामाजिक-शैक्षणिक विकास, आगामी जातीय जनगणना और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना रहा।
*पाठ्यक्रम में शामिल हुआ गौरवशाली इतिहास*
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बड़ी घोषणा का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सिंधी समाज की वर्षों पुरानी मांग और पूर्व में की गई घोषणा को पूरा कर दिया गया है। अब प्रदेश के स्कूली पाठ्यक्रम में अमर शहीद हेमू कालानी, संत कंवरराम और महाराजा दाहिरसेन के गौरवशाली इतिहास तथा योगदान को शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंधी समाज का देश के आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास में अतुलनीय योगदान रहा है। समाज की मेहनत, व्यापारिक उद्यमिता, राष्ट्रभक्ति और सेवा भावना पूरे देश के लिए अनुकरणीय है।
*इंदौर में आकार लेगा ‘सिंधु कला केंद्र’*
सिंधी संस्कृति को सहेजने की दिशा में एक और बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 16 सितंबर 2026 को इंदौर में भव्य “सिंधु कला केंद्र” का भूमि पूजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कला केंद्र प्राचीन सिंधु घाटी सभ्यता से लेकर आधुनिक काल तक की सिंधी परंपराओं, कला, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का एक ऐतिहासिक केंद्र बनेगा। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में मौजूद सभी समाजजनों को 16 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने का भावभीना निमंत्रण भी दिया।
*प्रमुख सामाजिक मुद्दों पर हुआ गहन मंथन*
सम्मेलन में स्वतंत्रता के 80 वर्षों के बाद भी समाज के लंबित अधिकारों और ज्वलंत मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई
*जातीय जनगणना पर जागरूकता* आगामी जातीय जनगणना में सिंधी समाज की सही, सटीक और व्यवस्थित जानकारी दर्ज कराने के लिए प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया, ताकि प्रत्येक परिवार की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
*सरकारी योजनाओं का विस्तार* केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों तक बिना किसी बाधा के पहुंचाने पर रणनीति बनी।
*युवा व महिला सशक्तिकरण* समाज के सर्वांगीण विकास के लिए युवाओं और महिलाओं को सामाजिक शैक्षणिक सांस्कृतिक और प्रशासनिक नेतृत्व में अधिक अवसर देने पर बल दिया गया।
*दिग्गजों की उपस्थिति और आभार*
समारोह में सांसद शंकर लालवानी, विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक अशोक रोहाणी, गुलाब ठाकुर सहित सिंधु भवन ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेन्द्र मनवानी, अशोक मनवानी, कविता इसरानी, संजय तीर्थवानी, कमल माखीजानी, अनिल चुघ और कंचन गिदवानी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
भाजपा नेता बलराज नावानी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पाठ्यक्रम में सिंधी महापुरुषों को स्थान देना समाज के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। यह प्रादेशिक सम्मेलन सिंधी समाज के अधिकारों, संगठन और भावी दिशा तय करने में मील का पत्थर साबित होगा।




