*बुरहानपुर में सेवा संकल्प अभियान का आगाज 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक महापौर ने ली समीक्षा बैठक*

बुरहानपुर :- बुरहानपुर नगर निगम द्वारा जनसेवा और नागरिक जागरूकता को समर्पित “सेवा संकल्प अभियान-2026” का भव्य शुभारंभ किया गया है। 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस महीने भर के विशेष अभियान के तहत शहरभर में विभिन्न जनहितकारी और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के सफल, सुव्यवस्थित और समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महापौर माधुरी अतुल पटेल ने निगम आयुक्त एवं वरिष्ठ अधिकारियों कर्मचारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान महापौर ने अभियान की रूपरेखा, विभागीय समन्वय, समय-सीमा तथा जनभागीदारी जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम का संचालन अंतर-विभागीय तालमेल के साथ किया जाए और व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से आम नागरिकों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
*आशीर्वाद का दीया से हुई अभियान की शुरुआत*
अभियान का औपचारिक शुभारंभ 17 सितंबर को “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम के साथ हुआ। इसके बाद “सेवा की कहानी” पहल के तहत केंद्र व राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं—जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) और पीएम स्वनिधि योजना—के लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को संकलित कर उन्हें जनता के बीच साझा किया जाएगा, ताकि अन्य लोग भी इन योजनाओं से प्रेरित हो सकें।
*प्रमुख आयोजनों का कैलेंडर तय*
महीने भर चलने वाले इस अभियान के तहत कई विशेष तिथियों पर बड़े आयोजनों की योजना बनाई गई है:
*2 से 6 अक्टूबर* सेवा मेरा योगदान” एवं “सेवा सेतु” कार्यक्रम।
*7 अक्टूबर* शहर में भव्य सेवा ज्योति कलश यात्रा का आयोजन।
*9 अक्टूबर* देशभक्ति और सांस्कृतिक चेतना को समर्पित “सेवा के रंग–राष्ट्र के संग”।
*12 अक्टूबर* युवाओं में तकनीकी सोच और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए हैकाथॉन एवं इनोवेशन चैलेंज”।
*17 अक्टूबर* अभियान का समापन सुशासन सेवा तथा समीक्षा गतिविधियों के साथ होगा।
*25 सेवा गतिविधियों से जुड़ेगा पूरा शहर*
नागरिकों को सीधे जोड़ने के लिए अभियान में 25 अलग-अलग श्रेणियों की जनसेवा गतिविधियों को शामिल किया गया है। इनमें रक्तदान शिविर, अनाथालय व वृद्धाश्रम भ्रमण, सघन वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, योग एवं ध्यान सत्र, और प्लास्टिक-मुक्ति जागरूकता प्रमुख हैं। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता, महिलाओं के स्वास्थ्य व स्वच्छता, वंचित बच्चों की शिक्षा में सहयोग, करियर काउंसलिंग, नशा मुक्ति, पोषण व एनीमिया जागरूकता, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, कचरा पृथक्करण, दिव्यांगजन सहायता और मतदाता जागरूकता जैसे विषयों पर भी निरंतर कार्य किया जाएगा।
*प्रचार-प्रसार और पारदर्शी रिपोर्टिंग पर जोर*
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर आयोजन की डिजिटल कवरेज (फोटो व वीडियो) की जाए और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी जनता तक पहुंचाई जाए। पूर्व महापौर अतुल पटेल और आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने भी अधिकारियों को पूरी निष्ठा के साथ इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
बैठक में सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा, सहायक लेखाधिकारी विक्रम पोरवाल, सहायक यंत्री अशोक पाटिल व गोपाल महाजन, उपयंत्री सौरभ वर्मा, विक्रांत बरकुंवर, नितिन वर्मा और कार्यालय अधीक्षक संदीप तिवारी सहित नगर निगम का समस्त अमला उपस्थित रहा।



