बुरहानपुर

*इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर मर्सिडीज सवार व्यापारियों से लूट का पर्दाफाश, तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार*

बुरहानपुर :- इंदौर-इच्छापुर नेशनल हाईवे पर मर्सिडीज कार सवार व्यापारियों से चाकू की नोक पर हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का बुरहानपुर पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में पर्दाफाश कर दिया है। थाना गणपति नाका पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, हथियार और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

बुरहानपुर एसपी आशुतोष बकरी ने बुधवार को एसपी कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि 15 नवंबर 2026 की रात्रि करीब 3:30 बजे फरियादी रितेश महाजन अपने साथी अविनाश और चालक प्रदीप के साथ मर्सिडीज कार से इंदौर से बुरहानपुर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार झिरी-निंबोला और ट्रांसपोर्ट नगर के मध्य पहुँची, मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी गाड़ी रोक ली। आरोपियों ने चाकू की नोक पर तीनों से धमकाते हुए कुल ₹17,000 नकद, पर्स और जरूरी दस्तावेज लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने रितेश महाजन पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल भी कर दिया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी आशुतोष बागरी ने तुरंत विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए।

*सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पकड़े गए आरोपी*
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों की पहचान की। पुलिस ने दबिश देकर तीन मुख्य आरोपियों—तोहीद उद्दीन (निवासी मकबरा, आजाद नगर), मोहम्मद फैजान (निवासी वीरेंद्र कॉलोनी) और वारिस हुसैन (निवासी मकबरा, आजाद नगर)—को गिरफ्तार कर लिया।

*जब्त सामग्री और पुराना आपराधिक इतिहास*
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई रकम में से कुल ₹13,700 नकद, घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल, दो धारदार चाकू, पर्स, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद कर लिया है।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। तोहीद पर 6, फैजान पर 4 और वारिस पर 4 मामले दर्ज हैं। इन तीनों के खिलाफ थाना गणपति नाका में चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के कुल 14 प्रकरण पहले से पंजीबद्ध हैं। पुलिस अब इनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमल सिंह पवार और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button