*बुरहानपुर नगर निगम ने गंदगी फैलाने पर दुकानदारों से वसूला 1250 का स्पॉट फाइन*

बुरहानपुर :- नगर निगम बुरहानपुर द्वारा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए कचरा और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को निगम कमिश्नर संदीप श्रीवास्तव के निर्देश और सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा के मार्गदर्शन में निगम टीम ने विभिन्न बाजार क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान राजीव वार्ड क्षेत्र में नेहरू स्टेडियम के पास स्थित ‘सुखवानी ग्लास हाउस’ द्वारा दुकान का कचरा बाहर फेंकने और मोहसिन खान द्वारा गंदगी फैलाने का मामला सामने आया। निगम टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों व्यवसायियों से कुल 1,250 रुपये का स्पॉट फाइन वसूला।
कार्यवाही के दौरान सहायक आयुक्त सुश्री स्वर्णिका वर्मा ने दुकानदारों और व्यापारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सख्त समझाइश दी। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को इधर-उधर या सड़कों पर न फेंका जाए, बल्कि निगम के कचरा संग्रहण वाहन में ही डाला जाए। इसके साथ ही, सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

नगर निगम कमिश्नर ने स्पष्ट किया है कि शहर को पॉलीथिन मुक्त बनाने और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा के साथ उप स्वास्थ्य अधिकारी गणेश पाटिल, जितेंद्र गोडियाले, नितिन लोढे, पिटू दामोदरे एवं अशोक गोडियाले सहित अन्य निगम कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।




