*बुरहानपुर के शाहपुर में बढ़े बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के खिलाफ ग्रामीणों का कलेक्टर में प्रदर्शन,अपर कलेक्टर की समझाइश पर हुआ मामला शांत*
बुरहानपुर :- जिले के शाहपुर में बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। भीम आर्मी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में लोग चिलचिलाती धूप में जमीन पर बैठ गए। विरोध के दौरान तीन बुजुर्ग महिलाओं के सड़क पर लेट जाने से माहौल गरमा गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग पुलिस बल के साथ रात में घर-घर जाकर दबाव बना रहा है। बिना फ्रिज और कूलर वाले गरीब परिवारों के घरों में भी तीन से चार हजार रुपये तक के भारी-भरकम बिल आ रहे हैं। भीम आर्मी के नेताओं ने मांग की कि इन नए स्मार्ट मीटरों को हटाया जाए और पुराने मीटर दोबारा लगाए जाएं। साथ ही, बढ़े हुए बिल माफ किए जाएं।
हंगामा करीब सवा दो घंटे तक चला। स्थिति को संभालते हुए अपर कलेक्टर सृजन वर्मा खुद जमीन पर बैठे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक जांच टीम शाहपुर भेजी जाएगी। शिकायतों की सूची बनाकर बिलों की जांच की जाएगी और गड़बड़ी मिलने पर मीटर बदलकर बिलों में सुधार किया जाएगा, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।



