बुरहानपुर

*बुरहानपुर कलेक्टर विवेक कुमार ने किया पुनर्घनत्वीकरण योजना के तहत निर्माणाधीन भवनों का औचक निरीक्षण*

बुरहानपुर :- नवागत कलेक्टर विवेक कुमार ने सोमवार को जिले में पुनर्घनत्वीकरण योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेणुका माता मंदिर के पास निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और सिटी पैलेस के समीप स्थित पॉलीक्लिनिक का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए।

निरीक्षण की शुरुआत में कलेक्टर श्री कुमार ने लगभग 7 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से बन रहे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के नक्शे का मौके पर बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कॉम्प्लेक्स में प्रस्तावित कक्षों, खेल गतिविधियों, कैफेटेरिया, जिम, और ड्रेसिंग रूम जैसी आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरे किए जाएं ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को जल्द से जल्द आधुनिक खेल सुविधाएं मिल सकें।

इसके बाद कलेक्टर ने सिटी पैलेस के पास स्थित पॉलीक्लिनिक परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने लेबर रूम और जनरल वार्ड की व्यवस्थाओं को परखा। परिसर की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए बाउंड्रीवॉल का निर्माण शीघ्र कराने और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके अलावा, पॉलीक्लिनिक के सामने स्थित सड़क के चौड़ीकरण की कार्रवाई करने को भी कहा गया, जिससे मरीजों और आम नागरिकों का आवागमन सुगम हो सके। इस कड़ी में कलेक्टर ने नवीन तहसील कार्यालय का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ एवं अपर कलेक्टर सृजन वर्मा, डिप्टी कलेक्टर भागीरथ वाखला सहित नगर निगम, हाउसिंग बोर्ड और स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन की इस सक्रियता से शहर में चल रहे विकास कार्यों के जल्द पूरा होने की उम्मीद है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button