बुरहानपुर

*गुजराती मार्केट में स्थापित होगी पंडित दीनदयाल जी की प्रतिमा सांसद विधायक महापौर और जनप्रतिनिधियों ने किया भूमिपूजन*

बुरहानपुर:- पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती के पावन अवसर पर शहर के गुजराती मार्केट स्थित गांधी भवन के सामने उनकी प्रथम प्रतिमा की स्थापना के लिए विधिवत भूमिपूजन किया गया। इस ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनीस, नेपानगर विधायक मंजू दादू महापौर माधुरी अतुल पटेल, पूर्व महापौर अतुल पटेल और भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने सहित अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने पूजन कर प्रतिमा की आधारशिला रखी।

इस अवसर पर महापौर माधुरी अतुल पटेल ने कहा कि बुरहानपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा की स्थापना शहर के लिए गर्व का विषय है। पंडित जी ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा और समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण यानी ‘अंत्योदय’ को समर्पित किया। उनके विचार आज भी देश और समाज के विकास को एक नई दिशा दे रहे हैं। महापौर ने जोर देकर कहा कि यह प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं होगी, बल्कि बुरहानपुर के नागरिकों और विशेषकर युवा पीढ़ी को ‘राष्ट्र प्रथम’, सेवा और समर्पण के मूल्यों की प्रेरणा देगी। उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि पंडित जी के अंत्योदय और राष्ट्र प्रथम के विचारों को आगे बढ़ाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का उत्थान ही समग्र विकास का असली आधार है।

बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनीस ने अपने उद्बोधन में कहा कि पंडित जी का ‘एकात्म मानववाद’ और अंत्योदय का चिंतन समाज के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित था। उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़े रखेगी। वहीं, नेपानगर विधायक मंजू दादू ने कहा कि यह प्रतिमा युवाओं को पंडित जी के सिद्धांतों से परिचित कराने का सशक्त माध्यम बनेगी। पूर्व महापौर अतुल पटेल ने स्वागत भाषण में प्रतिमा स्थापना की जानकारी दी और सभी के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामदास शिवहरे, सुमित्रा कासडेकर, प्रकाश कानूनगो, नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button