*आगामी 20 से 25 वर्षों की जरूरतों के अनुरूप संवरेगा बुरहानपुर, विधायक और कलेक्टर ने किया सब्जी मंडी व निर्माणाधीन मार्ग का निरीक्षण*
बुरहानपुर :- विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस ने कलेक्टर विवेक कुमार और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंडी बाजार स्थित सब्जी मंडी तथा शनवारा चौराहे से गणपति थाना चौराहे तक निर्माणाधीन मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए व्यापारियों, सब्जी विक्रेताओं और आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर सामने आई समस्याओं और आवश्यकताओं का विस्तृत आकलन कर व्यवस्थाओं में सुधार के लिए ठोस प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर ऐतिहासिक शहर है। जब इसकी पुरानी व्यवस्थाएं और आधारभूत संरचनाएं बनी थीं, तब आबादी सीमित थी और जरूरतें आज से भिन्न थीं। बीते समय में जनसंख्या कई गुना बढ़ने से यातायात, व्यापार और नागरिक सुविधाओं की मांग में बड़ा बदलाव आया है। ऐसे में शहर की पुरानी व्यवस्थाओं का पुनर्मूल्यांकन कर वर्तमान और भविष्य के हिसाब से व्यापक कार्ययोजना बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विकास योजना केवल तात्कालिक समस्याओं तक सीमित न रहे, बल्कि आगामी 20 से 25 वर्षों की संभावित आबादी, जरूरतों और अवसरों को ध्यान में रखकर तैयार की जाए। नई आधारभूत संरचनाओं, नई मंडी या अन्य व्यावसायिक सुविधाओं के साथ-साथ यातायात, बाजार, पार्किंग और सार्वजनिक सेवाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए दूरदर्शी योजना बनाई जाए, ताकि नागरिकों को भीड़ और अव्यवस्था से राहत मिल सके।
सब्जी मंडी के निरीक्षण में उन्होंने पार्किंग, आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी दिक्कतों की जानकारी ली और सुधार कार्यों का प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा।
वहीं, शनवारा चौराहे से गणपति थाना चौराहे तक निर्माणाधीन मार्ग पर कुल 391.15 लाख रुपए लगभग 3.91 करोड़ रुपए की लागत से सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर, सेंट्रल लाइटिंग और विद्युत पोल शिफ्टिंग के कार्य चल रहे हैं। इसमें डिवाइडर व सेंट्रल लाइटिंग के लिए 208.04 लाख रुपए, सड़क चौड़ीकरण के डब्ल्यूएमएम कार्य के लिए 109.69 लाख रुपए तथा विद्युत पोल शिफ्टिंग के लिए 73.42 लाख रुपए स्वीकृत हैं। विद्युत पोल शिफ्टिंग का कार्य पूरा हो चुका है।
इंदौर-ईच्छापुर नए फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग के बाद शहर से गुजरने वाले पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग का वन टाइम इम्प्रवमेंट कार्य भा.रा.रा.प्रा. से कराकर लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किया जा रहा है। चिटनिस ने सीवरेज एजेंसी को मार्ग के दोनों ओर अतिरिक्त टीमें व मशीनें लगाकर काम तेज करने और सभी विभागों को समन्वय से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए, साथ ही गुणवत्ता व नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया। इस अवसर पर नगर निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव डिप्टी कलेक्टर तपिश पांडे सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।




