*संविधान भारत की एकता अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का मजबूत आधार अर्चना चिटनिस*

बुरहानपुर:- संविधान दिवस के अवसर पर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस ने बुरहानपुर में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने बाबा साहेब के संघर्ष, दूरदर्शिता और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए कहा कि 26 नवंबर 1949 भारतीय इतिहास का गौरवशाली दिन है, जब संविधान सभा ने संविधान को अंगीकृत किया था।
अर्चना चिटनिस ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है। विविधताओं से भरे भारत को एक सूत्र में बांधने का काम संविधान ने किया है। न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को लोकतंत्र की आत्मा बताते हुए उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और आगे बढ़ने के अवसर देता है। यह सामाजिक समरसता और हर वर्ग के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करता है। विकसित व सशक्त भारत के निर्माण में नागरिकों की सक्रिय सहभागिता बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचारों और सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने ऐसी व्यवस्था दी, जिससे समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार मिला। संविधान दिवस अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति सजग होने का संदेश देता है। संवैधानिक आदर्शों को केवल शब्दों तक सीमित न रखकर व्यवहार में अपनाना ही बाबा साहेब को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने सहित अन्य जनप्रतिनिधि व नागरिक मौजूद रहे।




