बुरहानपुर

*मतदाता सूची में लापरवाही पर सख्त कलेक्टर धीमी गति पर बीएलओ के निलंबन के निर्देश संविधान दिवस पर लिया संकल्प*

बुरहानपुर :- निर्वाचक नामावली की शुद्धता लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है और इसके विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) की भूमिका बेहद अहम है। यह बात कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक कुमार ने गुरुवार को परमानंद गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में फॉर्म-6 से जुड़े कार्यों को लेकर आयोजित बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर की समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने 12 नवंबर से चल रहे विशेष अभियान की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए बीएलओ से सीधा संवाद किया।

समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति न मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी बीएलओ इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और तय समय-सीमा में लक्ष्य पूरे करें। सुपरवाइजर्स को भी मैदानी स्तर पर सक्रिय रहकर निगरानी करने और आपसी समन्वय से काम पूरा कराने के लिए कहा गया। बैठक में सुपरवाइजरवार बीएलओ से चर्चा कर नए लक्ष्य तय किए गए।

कार्य की धीमी गति और संतोषजनक जवाब न मिलने पर कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने दवाटिया बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने और निलंबन की कार्रवाई के लिए उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजेश पाटीदार को निर्देशित किया। साथ ही, उप जिला निर्वाचन अधिकारी को नियमित मॉनिटरिंग और गहन समीक्षा करने के आदेश दिए गए।

बैठक के दौरान संविधान दिवस के अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी की मौजूदगी में सभी ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया और संवैधानिक मूल्यों व आदर्शों के प्रति निष्ठा का संकल्प लिया। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश पाटीदार, सिटी मजिस्ट्रेट तपीश पाण्डे, नगर निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी, सुपरवाइजर व बीएलओ उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button