*आम आदमी पार्टी ने धूमधाम से मनाया स्थापना दिवस, जनहित के मुद्दों पर संघर्ष का लिया संकल्प*
बुरहानपुर :- आम आदमी पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को शाम 6:30 बजे शहर के इकबाल चौक स्थित स्थल पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ स्थापना दिवस मनाया। इस दौरान ढोल-ताशों की थाप और आतिशबाजी के बीच कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर स्थापना दिवस की बधाई दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अब्दुल वसीम ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी का गठन भ्रष्टाचार के खिलाफ हुए एक बड़े जनआंदोलन से निकला है। उन्होंने कहा कि पार्टी का मूल उद्देश्य आम जनता की आवाज बनकर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बिजली और पानी जैसी बुनियादी आवश्यकताओं पर ठोस काम करना है। अब्दुल वसीम ने जोर दिया कि आम आदमी पार्टी ने देश की राजनीति में एक नई सोच, पारदर्शिता और बदलाव की राजनीति को मजबूती से आगे बढ़ाया है।

अब्दुल वसीम ने कहा कि बुरहानपुर में भी पार्टी आम नागरिकों की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करेगी। शहर की मूलभूत सुविधाओं में सुधार, स्थानीय स्तर पर बेरोजगारी, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना पार्टी की प्रमुख प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े हर मुद्दे पर पार्टी सड़क से लेकर हर मंच तक सक्रिय भूमिका निभाएगी।
संगठन विस्तार पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करना तथा अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती और निष्ठा के साथ लड़ेगा। अंत में अब्दुल वसीम ने सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।




