*निगम आयुक्त ने टी.एल. बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा कर समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश*

बुरहानपुर :- नगर निगम आयुक्त द्वारा सोमवार को टी.एल. (टाइम लिमिट) बैठक आयोजित कर नगर निगम के विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति, लंबित प्रकरणों तथा आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने एवं कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने कहा कि निगम के सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
बैठक में इंदिरा कॉलोनी एवं लालबाग क्षेत्र में नगर निगम की दुकानों की नीलामी प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए निगम आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को नीलामी की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निगम की संपत्तियों का उचित उपयोग सुनिश्चित करते हुए राजस्व वृद्धि के प्रयास किए जाएं तथा नीलामी प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो।
शहर में संचालित सर्विस सेंटरों द्वारा पेयजल के उपयोग के संबंध में समीक्षा करते हुए आयुक्त द्वारा निर्देशित किया कि सर्विस सेंटरों में पेयजल का उपयोग रोकने एवं उनके पेयजल कनेक्शन प्रतिबंधित करने की आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही, सर्विस सेंटरों को एसटीपी से उपचारित (ट्रीटेड) जल टैंकरों के माध्यम से उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए, जिससे पेयजल का संरक्षण किया जा सके तथा जल के वैकल्पिक स्रोतों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो।
अग्निशमन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आयुक्त द्वारा शनवारा पानी की टंकी पर अग्निशमन वाहनों की सुविधा हेतु फायर हाइड्रेंट स्थापित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में अग्निशमन वाहनों को पर्याप्त जल उपलब्ध हो सके, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण की जाएं।
बैठक में जनगणना 2027 की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जनगणना से जुड़ी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने, विभागीय समन्वय बनाए रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगर निगम के विभिन्न वार्डों में संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए आयुक्त महोदय ने समस्त उपयंत्रियों को अपने-अपने वार्डों में चल रहे निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से नवीन सड़कों के निर्माण के दौरान मार्ग में आने वाले अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि सड़क निर्माण कार्य निर्बाध रूप से पूर्ण हो सकें एवं नागरिकों को आवागमन में सुविधा प्राप्त हो। इसके साथ ही सभी उपयंत्रियों को अपने-अपने वार्डों में नियमित निरीक्षण हेतु निरीक्षण रोस्टर तैयार कर आगामी 02 दिवस में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त महोदय ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उक्त बैठक में निगम उपायुक्त देवेन्द्र कासडे कार्यपालन यंत्री प्रेम कुमार साहू विक्रम पोरवाल लेखाधिकारी सहायक यंत्री अशोक पाटिल गोपाल महाजन उपयंत्री सौरभ वर्मा नितिन वर्मा प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी गणेश पाटिल कार्यालय अधीक्षक संदीप तिवारी आदि अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे




