*बुरहानपुर जनसुनवाई में लेटलतीफ अधिकारियों को कलेक्टर विवेक कुमार ने लगाई फटकार दो टूक शब्दों में चेतावनी दी*
बुरहानपुर :- बुरहानपुर जिले में आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित होने वाली ‘जनसुनवाई’ उस वक्त चर्चा का केंद्र बन गई, जब कलेक्टर विवेक कुमार का बेहद कड़ा और सख्त रुख देखने को मिला।
दरअसल, मंगलवार को जनसुनवाई और अपने कार्यालयों में समय पर न पहुंचने वाले लापरवाह अधिकारियों पर नकेल कसने के लिए इस बार विशेष अटेंडेंस व्यवस्था लागू की गई थी। इस औचक और सख्त व्यवस्था के दायरे में कई बड़े अधिकारी घिर गए।
शिकायत लेकर पहुंचे आम नागरिकों और फरियादियों के सामने ही कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी, विद्युत विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग और आरईएस प्रमुख अनामिका शर्मा समेत कई प्रमुख अधिकारियों की जमकर क्लास ली और उन्हें कड़ी फटकार लगाई।
कलेक्टर ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि शासन की इस अतिसंवेदनशील और जनहितैषी योजना में किसी भी प्रकार की हीला-हवाली या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में यदि ऐसा रवैया दोहराया गया, तो और भी कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के इस सख्त तेवर से लापरवाह अधिकारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता ने कलेक्टर के इस कदम की सराहना की है।




