*भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान भारत के स्वाभिमान की अमर गाथा अर्चना चिटनिस*

बुरहानपुर :- स्थानीय नेहरू स्टेडियम में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और ‘जनजातीय गौरव दिवस’ का जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम उत्साह के साथ आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस रहीं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के लाइव उद्बोधन को सुना गया। कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया और विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
संबोधन में विधायक अर्चना चिटनिस ने कहा कि जनजातीय समाज भारत की सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र निर्माण का अभिन्न आधार है। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए जनजातीय वीरों ने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध ऐतिहासिक संघर्ष किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 से 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने की शुरुआत कर इस समाज के गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय सम्मान दिया है। सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पक्के मकान और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।
कलेक्टर विवेक कुमार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के जीवन से यह बड़ी सीख मिलती है कि बड़ा काम करने के लिए लंबी उम्र का होना जरूरी नहीं है। साधारण जगह पर रहकर भी समाज को बेहतर बनाने के लिए उत्कृष्ट कार्य किए जा सकते हैं।

इस अवसर पर वनवासी कल्याण परिषद के प्रांत संगठन मंत्री तिलकराज डांगी, महापौर माधुरी पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी कर्मचारियों विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए।




