बुरहानपुर

*बुरहानपुर के फोफनार मेले में पशु क्रूरता पर मेला समिति के सदस्यों और हेला मालिकों सहित 9 लोगों पर मामला दर्ज*

बुरहानपुर :- जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बुरहानपुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिले के फोफनार में आयोजित होने वाले मेले के दौरान प्रशासनिक आदेशों की गंभीर अवहेलना और पशुओं के प्रति क्रूरता का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए मेला समिति के सदस्यों और हेला मालिकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।

घटना 11 नवंबर 2026 की है, जब मेला आयोजक समिति फोफनार द्वारा कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट, बुरहानपुर द्वारा धारा 163 बीएनएसएस के तहत जारी आदेश (क्रमांक 2025/5750) का खुला उल्लंघन किया गया। प्रशासन द्वारा स्पष्ट निर्देश होने के बावजूद मेला परिसर में नियमों को ताक पर रखकर आयोजन किया जा रहा था, जिसमें पशुओं के साथ अमानवीय व्यवहार और क्रूरता का मामला भी सामने आया।

प्रशासनिक आदेश की अवहेलना और पशुओं पर अत्याचार को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कुल नौ व्यक्तियों के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध किया है। इनमें मेला समिति के सदस्य—फकीरा पिता सुपडू, विकास पिता विश्वनाथ, राजू पिता शंकर, प्रेमसिंह पिता मांगीलाल और सतार पिता सरदार शामिल हैं। इसके अलावा हेला मालिक जितेन्द्र सिरतुरे (निवासी सारोला), जब्बार पठान (निवासी मोहद), शोएब पटेल (निवासी सारोला) और रूपा पिता जगन गौंड (निवासी वाराडोली) के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई है।

इन सभी आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223, 125, 3(5) तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक नियमों का उल्लंघन करने और मूक पशुओं पर क्रूरता बरतने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button